बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर को टीएमसी के लोकसभा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का समर्थन मिला है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को अपने X हैंडल पर ऐलान किया कि वह प्रशांत किशोर का समर्थन करेंगे।
शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रशांत किशोर को दूरदर्शी, बुद्धिजीवी, लोकप्रिय और चर्चित व्यक्तित्व वाला नेता बताया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आज सभी को एकजुट होने की जरूरत है और प्रार्थना है कि आम जनता विशेष रूप से युवा वर्ग को जाति, धर्म और पार्टी से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करना चाहिए।
अंत में शत्रुघ्न सिन्हा ने जय बिहार, जय हिंद लिखा है।
नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे जबकि 3 अगस्त को मतों की गिनती होगी। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई है। प्रशांत किशोर इस सीट से पहली बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
आरजेडी ने रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार
आरजेडी ने बांकीपुर से रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस भी यहां से अपना उम्मीदवार उतारना चाहती थी लेकिन आरजेडी के फैसले से उसे निराशा हाथ लगी है। अब रेखा गुप्ता ही महागठबंधन की ओर से बांकीपुर सीट पर विपक्ष की उम्मीदवार होंगी।
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी इस सीट पर एनडीए को कड़ी चुनौती देगी।
शत्रुघ्न सिन्हा ‘बिहारी बाबू’ के नाम से लोकप्रिय हैं और मौजूदा वक्त में पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से लोकसभा सांसद हैं। वह दो बार केंद्र सरकार में मंत्री रहे हैं और राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं। उनके द्वारा समर्थन देने से क्या प्रशांत किशोर को कोई राजनीतिक लाभ मिलेगा?
यह भी पढ़ें- बांकीपुर में लगातार नौ बार जीती है भाजपा
बिहार की बांकीपुर विधानसभा का उपचुनाव चर्चा में बना हुआ है। प्रशांत किशोर के मैदान में आने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। बांकीपुर विधानसभा भाजपा का अभेद्य किला माना जाता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
