टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में पूरी तरह अराजकता हावी है। बनर्जी ने रविवार को यह आरोप दक्षिण 24 परगना जिले के अमतला में भवन निर्माण नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर उनके कार्यालय के एक हिस्से को गिराए जाने के मामले में दिया है।
बनर्जी के दफ्तर के एक हिस्से को जिला प्रशासन ने शनिवार को बुलडोजर से ढहा दिया था। जिला प्रशासन का कहना है कि दफ्तर को स्वीकृत भवन योजना के बिना और नियमों का उल्लंघन कर बनाया गया था।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बीजेपी के साथ मिलीभगत कर यह कार्रवाई की है। बनर्जी ने कहा कि टीएमसी इस मामले को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट जाएगी। वहीं, राज्य सरकार का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के तहत और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई है और इसके पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी।
अभिषेक बनर्जी ने X पर एक पोस्ट में कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर के अमतला में स्थित उनके कार्यालय को ढहा दिया गया जबकि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट बुलडोजर कार्रवाई को असंवैधानिक ठहरा चुके हैं।
कानून व्यवस्था की हालत खराब
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ती दिख रही हैं। उन्होंने कहा, ”वीडियो में पश्चिम बंगाल पुलिस के जवान बीजेपी के गुंडों के साथ मिलकर लैपटॉप, प्रिंटर, दस्तावेज, मेज, कुर्सियां और अन्य सामान से भरे बक्से ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।” उन्होंने कहा, ”यह ध्वस्तीकरण नहीं था, बल्कि वर्दी पहनकर की गई चोरी थी… जबकि मामला अभी हाई कोर्ट में विचाराधीन है।”
बनर्जी ने कहा कि जिन पर कानून की रक्षा करने की जिम्मेदारी है, वही कानून तोड़ने वाले बन गए हैं। टीएमसी सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस पर शर्म आती है। तीन बार के सांसद बनर्जी ने चेतावनी दी थी कि अगर 2031 के विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बदली तो राज्य में बीजेपी के कार्यालयों के साथ भी ऐसा ही हो सकता है।
यह भी पढ़ें- ‘एक घंटे में इस्तीफा दे दूंगा’, अभिषेक बनर्जी ने ऐसा क्यों कहा?
तृणमूल कांग्रेस में भारी बगावत के बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, उन्हें मुझसे कोई दिक्कत है तो मैं 1 घंटे के अंदर इस्तीफा दे दूंगा बस वह दीदी के पास वापस आ जाएं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
