पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांगेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की सोमवार को सीआईडी के सामने पेश होना था लेकिन अब खबर आ रही है कि वे पेश नहीं हो सकेंगे। उन्होंने इसका कारण स्वास्थ्य को बताया है।

सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी ने बीमारी का हवाला देते हुए सीआईडी के पेश होने के लिए 2 सप्ताह का समय मांगा है।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस ने बताया, “CID ने 30 मई को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी को नोटिस जारी कर उन्हें 1 जून को जांच अधिकारी (IO) के सामने पेश होने और 6 मई की तारीख वाली मीटिंग की मूल प्रस्ताव पुस्तिका (resolution book) साथ लाने का निर्देश दिया था। उन्होंने अपने वकील के जरिए जांच अधिकारी को एक पत्र भेजकर दो सप्ताह का समय मांगा है, जिसमें उन्होंने सोनारपुर की घटना के कारण अपनी खराब सेहत का हवाला दिया है।”

क्यों कर रही सीआईडी जांच?

टीएमसी विधायकों के जाली हस्ताक्षरों से जुड़े आरोपों की चल रही जांच के सिलसिले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को तलब किया था। कथित तौर पर पश्चिम बंगाल सचिवालय को यह विवादित पत्र सौंपा गया था और इसका संबंध विपक्ष के नेता के तौर पर शोभन देब चट्टोपाध्याय को समर्थन देने से हैं।

अभिषेक बनर्जी ने मांगा 15 दिन का समय

अभिषेक बनर्जी ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है और सीआईडी से पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर दौरे के दौरान घटना के बाद स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के कारण फिलहाल घर पर इलाज करा रहे हैं। बताया जा रहा कि वे चुनाव के बाद हुई हिंसा में पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ता से मिलने गए थे,लेकिन वहां उनके साथ मारपीट हो गई। फिर उन्हें वहां से निकाला गया और एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

इससे पहले सीआईडी ने उन्हें कोलकाता स्थित अपने भवन मुख्यालय में पेश होने के लिए नोटिस दिया था। यह नोटिस उन्हें व्यक्तिगत रूप से उनके कालीघाट स्थित आवास पर सौंपा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीआईडी ने उन्हें दोपहर 12 बजे तक कार्यालय बुलाया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक वे नहीं पहुंचे।

यह भी पढ़ें: ‘मुझे शर्म आती है ऐसे देश में रह रहा हूं’, अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर बोले कपिल सिब्बल

वरिष्ठ वकील और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर बड़ा बयान दिया है। कपिल सिब्बल ने रविवार को कहा कि उन्हें ऐसे देश में रहने में शर्म आती है जहां तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी जैसे नेता पर हमला होता है। वहीं अभिषेक बनर्जी ने कपिल सिब्बल को अपने समर्थन में बोलने के लिए उनका धन्यवाद दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें