कांग्रेस ने रविवार को कहा कि लुधियाना जिले की एसआईआर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में एक वोटर के नाम के आगे स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह की फोटो लगी थी, जिन्हें 1931 में अंग्रेजों ने फांसी दी थी। हालांकि, इस दावे को खारिज करते हुए लुधियाना जिला चुनाव कार्यालय ने कहा कि यह दावा गुमराह करने वाला है और गलत फोटो को असल में एसआईआर के दौरान ठीक कर दिया गया था।
पंजाब राज्य निर्वाचन कार्यालय एसआईआर प्रक्रिया के बाद सोमवार को फाइनल वोटर लिस्ट जारी करने वाला है। ड्राफ्ट लिस्ट 13 अगस्त को जारी की गई थी। लुधियाना कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) और लुधियाना ईस्ट के पूर्व विधायक संजय तलवार ने कहा, “ईस्ट निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 38 की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की आशंका थी, जहां सीरियल नंबर 422 पर असली वोटर की फोटो के बजाय शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की फोटो दिख रही थी। इसके अलावा, सीरियल नंबर 5, 69, 397, 410, 747, 750, 983 और 990 पर भी गलत फोटो के मामले सामने आए हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर सिर्फ एक बूथ की जांच में इतनी गड़बड़ियां मिल सकती हैं, तो पूरे निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट की बारीकी से जांच करना बहुत जरूरी है। इसलिए, लुधियाना और ईस्ट निर्वाचन क्षेत्र के सभी 235 बूथों की वोटर लिस्ट की जांच की जानी चाहिए ताकि पता चल सके कि कितनी गलत फोटो या अन्य त्रुटियां मौजूद हैं।”
ऐसी गलतियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता- तलवार
वोटों की कथित चोरी और वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों के बारे में राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों का जिक्र करते हुए तलवार ने कहा कि ऐसी गलतियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में हर योग्य नागरिक का वोट अहम होता है और वोटर लिस्ट में दर्ज सभी जानकारी सही होनी चाहिए। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच की जरूरत होती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी वोटर के अधिकारों पर कोई सवाल न उठे।”
बस यही देखना बाकी रह गया था- वड़िंग
लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बस यही देखना बाकी रह गया था…! लुधियाना ईस्ट की वोटर लिस्ट में एक वोटर के नाम के सामने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी की तस्वीर लगी हुई है। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर बूथ नंबर 38 पर सीरियल नंबर 422 के सामने लगी है। इससे पहले हरियाणा की वोटर लिस्ट में भी तस्वीरों को लेकर गड़बड़ी के मामले सामने आए थे।”
राजा वड़िंग ने कहा, “अब, पंजाब में हुई इस कथित चूक से चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठते हैं। चुनाव आयोग जवाब दे! वोटर लिस्ट में ऐसी गलतियां कैसे हो रही हैं? इनकी जांच कौन करेगा और किसकी जवाबदेही तय की जाएगी? चुनाव आयोग को इस मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और तथ्यों को सार्वजनिक करना चाहिए। लोकतंत्र में वोटर लिस्ट की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।”
चुनाव आयोग ने दावे को खारिज किया
हालांकि, कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए लुधियाना जिला चुनाव कार्यालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “गुमराह करने वाला दावा: लुधियाना ईस्ट (60) की वोटर लिस्ट में वोटर सीरियल नंबर 422, पार्ट नंबर 38 के सामने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की तस्वीर दिख रही है। सच्चाई: यह दावा गुमराह करने वाला है। गलत तस्वीर पिछली वोटर लिस्ट में थी और 13-08-2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट लिस्ट में भी वही तस्वीर आ गई थी। एसआईआर वेरिफिकेशन के दौरान इसका पता चला और इसे ठीक कर दिया गया है। सही तस्वीर वाली फाइनल लिस्ट तैयार हो चुकी है और इसे 12-10-2026 को प्रकाशित किया जाएगा।”
यह भी पढ़ें: ‘सचिन पायलट भले ही टिकट देने से इनकार कर दें…’, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वड़िंग ने फिर साधा पंजाब कांग्रेस प्रभारी पर निशाना
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक बाद फिर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट पर निशाना साधा है। उन्होंने रविवार को कहा कि भले ही वह पद से हट गए हैं या प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट देने से इनकार कर दें, लेकिन वह राहुल गांधी के सिपाही के रूप में कांग्रेस का झंडा बुलंद करते रहेंगे। लुधियाना से लोकसभा सदस्य अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने यह भी स्वीकार किया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए पार्टी में कई लोग उनके खिलाफ थे और हो सकता है कि वे आगे भी ऐसा करते रहें। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
