Mayawati News: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया और राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी भी वापस दे दी। मायावती ने कहा कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से हटने के बाद आकाश के व्यक्तित्व और काम करने के तरीके में बदलाव दिखाई दिया।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जैसाकि यह विदित है कि श्री आकाश आनन्द को कल बी.एस.पी. में वापिस लेकर व पार्टी का पुनः राष्ट्रीय संयोजक बनाकर इनको पार्टी के कार्यो में लगा दिया है। लेकिन आज अधिकांशः मीडिया में इस बात को काफी बढ़ा-चढ़ाकर लिखा है कि श्री आकाश आनन्द को चार बार पार्टी से निकालकर अब पुनः पार्टी में वापिस ले लिया है और इनको फिर से पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बना दिया है।”
अशोक सिद्धार्थ ने आकाश की इमेज खराब करने की कोशिश की- मायावती
मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा, ” इस सम्बन्ध में इनको मैं यह भी अवगत कराना चाहती हूं कि श्री आकाश आनन्द की शादी होने से पहले ही वे पार्टी में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे, जिसकी वजह से इनको पार्टी से कभी भी नहीं निकाला गया है। लेकिन इनका रिश्ता श्री अशोक सिद्धार्थ के साथ होने के बाद से फिर इन्होंने अपने खुद के स्वार्थ मे श्री आकाश आनन्द की इमेज को काफी कुछ खराब करने का प्रयास किया है।”
अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए- मायावती
बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो ने कहा, “जिसके कारण फिर श्री आकाश आनन्द में सुधार लाने के खास उद्देश्य से इनको पार्टी से कई बार निकालना भी पड़ा है और गलती का एहसास होने के बाद फिर इनको वापिस भी लेना पड़ा है। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि श्री अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद से अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिये कि पार्टी को फिर से इनको अलग करना पडे़।”
मायावती ने कहा, “जिस प्रकार से इन्होंने शादी से पहले पार्टी को कभी भी कोई शिकायत का मौका नहीं दिया है, जिसके कारण इनको कभी भी पार्टी से निकालना नहीं पड़ा है और अब श्री अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है कि इनको अब आगे कभी भी पार्टी से निकालने की जरूरत पडे़गी और अब वे राजनीति में आगे ही बढ़ेंगे, ऐसी सभी को पूरी-पूरी उम्मीद भी है।”
यह भी पढ़ें: ‘मुझे क्षमा किया इसके लिए आभारी हूं’, आकाश आनन्द ने BSP में जिम्मेदारी मिलने पर कहा- अब मैं इसे हल्के में कभी नहीं ले सकता
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनन्द ने सोमवार शाम पार्टी का फिर से राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर अपनी बुआ का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय ने उन्हें बहुत कुछ सीखा दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
