Meghalaya: भाजपा ने गुरुवार को आगामी मेघालय विधानसभा चुनाव में सभी 60 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इन उम्मीदवारों में वह चार नेता भी शामिल हैं जिन्होंने दिसंबर 2022 में पार्टी का दमन थामा है। भाजपा मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है लेकिन इस बार दोनों दल अलग-अलग चुनावी मैदान में दिखाई दे रहे हैं। इसका सीधा सा कारण सम्बन्धों में आई खटास को बताया जा रहा है।
भाजपा ने पिछली बार दो सीटों पर जीत हासिल की थी और अपने दोनों मौजूदा विधायकों ए एल हेक (पाइनथोरुमख्राह सीट) और सनबोर शुल्लई (दक्षिण शिलांग) को फिर से मैदान में उतारा है।
Meghalaya: J P Nadda की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सामने आई लिस्ट
राज्य में चुनावी हलचल की शुरुआत के बाद अन्य प्रमुख दलों ने पिछले महीने अपनी पहली उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी थी। भाजपा ने बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित की और अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। भाजपा ने अपने दो मौजूदा विधायकों के अलावा उन चार लोगों को भी मैदान में उतारा है जो पिछली बार जीते थे।
इनमें पिछली बार तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीते हिमालय शांगप्लियांग, एनपीपी के विधायक रहे बेनेडिक मारक और फेर्लिन संगमा और सैमुअल संगमा जो निर्दलीय जीतकर विधानसभा गए थे। इन सभी ने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था और 2022 में भाजपा में शामिल हो गए थे।
Meghalaya: लिस्ट में बर्नार्ड मारक का भी नाम शामिल
बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट में पार्टी के विवादित नेता बर्नार्ड मारक भी शामिल हैं। पिछले साल जुलाई में बर्नार्ड मारक को हिल्स जिले के एक फार्महाउस में सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने 73 लोगों को गिरफ्तार किया था और फार्महाउस से दो लड़कियों सहित छह नाबालिगों को छुड़ाने का दावा किया था। मारक को अक्टूबर में सशर्त जमानत पर रिहा किया गया था।
बर्नार्ड मारक के खिलाफ कार्रवाई ने सत्तारूढ़ गठबंधन सहयोगियों एनपीपी और बीजेपी के बीच संबंधों पर जबरदस्त दबाव डाला था। इसके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चूबा एओ जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कहा था कि मारक के खिलाफ लगाए गए आरोप “राजनीति से प्रेरित” थे। संयोग से मारक को भाजपा ने गारो हिल्स के दक्षिण तुरा से मैदान में उतारा है, जहां वह मुख्यमंत्री कोनराड संगमा से भिड़ेंगे।