नई दिल्ली के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिरोजशाह रोड स्थित कोठी नंबर-18 में चोरों ने सेंध लगाकर सामान चोरी किया और जाते-जाते बाथरूम की टोंटी तथा घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन तक उखाड़ ले गए।

यह सरकारी आवास भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल को आवंटित है। घटना के समय सांसद और उनका परिवार दिल्ली में नहीं था।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम कंट्रोल रूम के जरिए बाराखंभा रोड थाना पुलिस को आवास में चोरी की सूचना मिली। इसके बाद रविवार सुबह पुलिस की टीम के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि चोर घर से एक टैबलेट समेत कुछ अन्य सामान ले गए हैं। हालांकि, परिवार के दिल्ली से बाहर होने के कारण अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि और कितना सामान चोरी हुआ है और उसकी कुल कीमत कितनी है।

चोरी से पहले आवास की रेकी किए जाने की भी आशंका

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट समेत दूसरे संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोर किस रास्ते से परिसर में दाखिल हुए और वारदात में कितने लोग शामिल थे। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि चोरी से पहले आवास की रेकी तो नहीं की गई थी।

बाथरूम की टोंटी और गटर का ढक्कन चोरी किए जाने को भी पुलिस ने जांच के दायरे में रखा है। इसके लिए सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से संपर्क कर आवास के रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों और वहां आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। सांसद का परिवार रविवार शाम या रात तक दिल्ली लौट सकता है। इसके बाद घर में मौजूद सामान का मिलान होने पर चोरी की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ हैं और आरएसएस की पृष्ठभूमि से आते हैं। वर्ष 2002 में उन्होंने गोरखपुर नगर सीट से हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़कर तत्कालीन भाजपा नेता शिव प्रताप शुक्ल को हराया था। बाद में भाजपा में शामिल होने के बाद वे इसी सीट से 2002, 2007, 2012 और 2017 में लगातार चार बार विधायक चुने गए।

वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने अपनी पारंपरिक सीट छोड़ दी। इसके बाद जुलाई 2022 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा। फिलहाल वे पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हैं और कई राज्यों में संगठन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।