राजधानी दिल्ली में 27 वर्षीय SWAT कमांडो काजल की हत्या उसी के पति ने कर दी थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच की कड़ियां जोड़ दी हैं। दावा किया गया है कि काजल लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार हो रही थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिस समय काजल के पति ने उस पर हमला किया, वह चार महीने की गर्भवती थी।
बताया जा रहा है कि 24 जनवरी को काजल के पति अंकुर ने उसके सिर पर वार किया था। दहेज को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जो इस हिंसक वारदात में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2022 में काजल उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल थी, जिन्होंने एंटी-टेररिस्ट स्पेशलाइज्ड यूनिट SWAT जॉइन करने का फैसला लिया था। तीन महीने की कड़ी ट्रेनिंग के बाद ग्रेटर कैलाश में उसकी तैनाती SWAT अधिकारी के रूप में हुई थी।
SWAT के अधिकारी हैरान
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में काजल की पूर्व टीम की एक अधिकारी ने कहा, “इसी वजह से हम और ज्यादा हैरान हैं। हर कोई SWAT का हिस्सा नहीं बन पाता। इसकी चयन प्रक्रिया बेहद कठिन होती है। काजल ने कभी घरेलू हिंसा का जिक्र तक नहीं किया था।”
बताया गया कि SWAT कमांडो को बेहद कठिन ट्रेनिंग से गुजरना पड़ता है। उन्हें कई अत्याधुनिक हथियारों के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी जाती है, जिसमें AK-47 असॉल्ट राइफल, MP5 सब-मशीन गन और INSAS राइफल शामिल हैं। ये वे हथियार हैं, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर पुलिस नहीं करती, लेकिन SWAT कमांडो को इन्हीं में दक्ष बनाया जाता है। इसके अलावा, उन्हें मार्शल आर्ट की एक विशेष तकनीक भी सिखाई जाती है, जो इजरायली सेना में काफी आम है।
काजल के भाई ने बताई पूरी कहानी
काजल के भाई निखिल, जो खुद पार्लियामेंट सिक्योरिटी पुलिस में कॉन्स्टेबल के रूप में तैनात हैं, ने उस दिन की पूरी कहानी बताई। उनके मुताबिक, कुछ समय से अंकुर और काजल के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। इसी वजह से काजल उसके यहां आकर रहने लगी थी।
निखिल के अनुसार, एक दिन अंकुर और काजल दोनों उसके साथ फोन पर मौजूद थे। तभी अंकुर ने कहा था, “तू फोन की रिकॉर्डिंग ऑन रख, यह बाद में प्रूफ की तरह काम आएगी, क्योंकि मैं तेरी बहन को मार दूंगा।” निखिल के मुताबिक, इस धमकी के तुरंत बाद फोन कॉल पर उसकी बहन की चीखने की आवाज सुनाई दी। कुछ देर बाद अंकुर ने दोबारा फोन कर बताया कि उसने काजल को मार डाला है।
पहले ही दिया जा चुका था दहेज
काजल के परिवार के मुताबिक, उसे कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने साफ कर दिया था कि उसके बचने की संभावना बेहद कम है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, काजल के पिता राकेश ने बताया कि अंकुर के परिवार को पहले ही दहेज में एक बुलेट बाइक और सोने की ज्वेलरी दी गई थी। इसके बाद काजल की तरफ से एक गाड़ी का इंतजाम किया गया, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना जारी रही। परिवार का आरोप है कि काजल को लगातार टॉर्चर किया जा रहा था।
