मुंबई में बकरीद से पहले एक सोसायटी में तनाव का माहौल बन गया और हिंसा भी हुई। तनाव की वजह यह है कि बकरीद से पहले सोसायटी में बकरियों को रखने के लिए शेड बनाया गया था लेकिन सोसायटी के लोगों और हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया।

यह विवाद मीरा रोड के पास स्थित पूनम एस्टेट क्लस्टर में बकरीद से पहले हुआ। इस सोसाइटी में 600 फ्लैट हैं। खबरों के मुताबिक, सोसायटी में 400 से ज्यादा मुस्लिम परिवार रहते हैं।

बकरीद से पहले बकरियों को रखने के लिए सोसायटी में शेड बनाया गया था। चूंकि सोसायटी के अंदर बकरियों को रखे जाने की अनुमति नहीं है इसलिए शिकायत मिलने के बाद महानगरपालिका ने इस शेड को गिरा दिया।

विरोध में किया हनुमान चालीसा का पाठ

खबरों के मुताबिक, जब फिर से शेड बनाने की कोशिश की गई तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने जय श्री राम के नारे लगाए और विरोध में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।

हिंदू संगठनों का कहना था कि सोसायटी के अंदर बकरों को रखने के लिए शेड नहीं बनाया जा सकता। इस तरह की भी खबरें सामने आई हैं कि प्रदर्शन के दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री नागराज कांबले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हिंदू संगठनों का कहना है कि सोसायटी के अंदर 40 से ज्यादा बकरे रखे गए हैं।

बीजेपी नेता ने लिखा पत्र

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता किरीट सोमैय्या ने इस मामले में मुंबई की मेयर रितु तावड़े को पत्र लिखा है। इसमें मांग की गई है कि किसी भी हाउसिंग कांप्लेक्स या सोसाइटी में अवैध रूप से कुर्बानी करने के लिए शेड बनाने की इजाजत ना दी जाए और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।

इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और एक शख्स को हिरासत में लिया गया है।

बकरीद को लेकर दिल्ली सरकार की गाइडलाइंस जारी

बकरीद (ईद-उल-अजहा) के मौके पर दिल्ली सरकार ने कुर्बानी को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने साफ कहा है कि धार्मिक परंपराओं का पालन कानून के दायरे में रहकर ही किया जाना चाहिए और किसी भी तरह के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।