दिल्ली के मालवीय नगर में लगी आग को बुझाने में दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों ने अपनी जान की बाजी लगा दी। इस अग्निकांड में दिल्ली पुलिस के 10 पुलिसकर्मी घायल हुए जिन्हें एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

घायल कर्मचारियों की पहचान मालवीय नगर पुलिस स्टेशन के हेड कांस्टेबल करतार (32), कांस्टेबल दीपक (38), कांस्टेबल विक्रम (34), हेड कांस्टेबल दिनेश (35) और कांस्टेबल रामपाल (30), नेब सराय पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल संदीप (30), हेड कांस्टेबल हरज्ञान (40), हेड कांस्टेबल प्रेमचंद (40), हेड कांस्टेबल जितेंद्र (40) और कांस्टेबल रविरंजन (26) के रूप में हुई है।

दिल्ली दमकल विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इन सभी पुलिस कर्मियों की स्थिति शुरुआत में गंभीर थी लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टर उनके स्वास्थ्य के निगरानी कर रहे हैं।

स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों की तक परवाह नहीं की और अगर वे इंतजार करते तो और भी कई लोग मारे जाते। राकेश ने यह भी बताया कि पहली मंजिल का रास्ता ढूंढने तक पुलिस कर्मी आग की चपेट में आ गए थे और जल गए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बेसमेंट और छत के ताले तोड़े और जो लोग अंदर बिल्डिंग में फंसे हुए थे, उनके बाहर आने का रास्ता बनाया। इसके अलावा उन्होंने गद्दों का भी इंतजाम किया जिससे ऊपर से कूद रहे लोगों को बचाया जा सके।

2024 में दर्ज हुआ था मामला

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि इस होटल के मालिक लवकेश बजाज अपनी पत्नी के साथ साकेत में रहते हैं, उनके दो बच्चे अमेरिका में हैं। उन पर साल 2024 में भी सीसीटीवी कैमरे से जुड़े सुरक्षा नियमों का पालन न करने के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है।

हौज रानी की एक पतली सी गली में यह होटल साकेत के मैक्स अस्पताल के बिल्कुल ठीक सामने है। इस बिल्डिंग में आने और जाने का सिर्फ एक ही रास्ता था और हैरान करने वाली बात यह है कि होटल के मालिक के पास दमकल विभाग से जारी की गई एनओसी भी नहीं थी।

पता चलने के बाद भी भाग गया बजाज

लवकेश बजाज का घर इस होटल के बिल्कुल ठीक सामने है। बजाज ने देखा था कि होटल में आग लग गई है लेकिन वह वहां से भाग गया। पुलिस ने बताया है कि बुधवार रात को पकड़े जाने से पहले वह दिन भर गाड़ी चला कर इधर-उधर भागता रहा।

पुलिस को जांच में पता चला है कि इस इलाके में बजाज की दो और संपत्तियां हैं और इन्हें लेकर भी जांच की जा रही है कि क्या यहां पर भी सुरक्षा नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया गया था?

मालवीय नगर अग्निकांड का जिम्मेदार आखिर कौन?

मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। एक बार फिर इस घटना ने राजधानी दिल्ली के लचर नागरिक प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों की पोल एक बार फिर खोल दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।