हैदराबाद पुलिस ने भाजपा विधायक की सुरक्षा भी पहले की तुलना में मजबूत की है। राजा सिंह की सुरक्षा में पुलिस ने नए बंदूकधारियों की तैनाती की है। इसके अलावा तेलंगाना पुलिस की स्पेशल फोर्स और डीसीपी स्तर के अधिकारी भाजपा विधायक की सुरक्षा की निगरानी कर रहे हैं।
राजा सिंह हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा से विधायक हैं। राजा सिंह को उनके विवादित बयानों के चलते कई बार गिरफ्तार भी किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर भी राजा सिंह के भड़काऊ पोस्ट काफी सुर्खियां बटोर चुके हैं। गोरक्षा के मुद्दे पर भी राजा सिंह काफी सख्त हैं और तेलंगाना विधानसभा में कई बार गोरक्षा का मुद्दा उठा चुके हैं। भाजपा में आने से पहल राजा सिंह तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) से विधायक थे लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए और अब तेलंगाना में भाजपा के एकमात्र विधायक हैं।
बता दें कि दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक आंतकी के पास से जो लिस्ट मिली है, उसमें टी राजा सिंह का नाम भी शामिल है। यही वजह है कि तेलंगाना पुलिस राजा सिंह की सुरक्षा पर खास ध्यान दे रही है।
वहीं भाजपा विधायक राजा सिंह का कहना है कि ‘उन्हें जो बुलेट प्रूफ सरकारी गाड़ी दी गई है वह काफी खराब स्थिति में है। ऐसा नहीं लगता कि यदि मैं इससे बाहर जाऊंगा तो सुरक्षित घर वापस आ पाऊंगा।’
भाजपा विधायक ने तेलंगाना सरकार से मांग की है कि उन्हें बंदूक का लाइसेंस दिया जाए और पुलिस से यह भी साफ करने को कहा है कि उन्हें किससे सुरक्षा दी जा रही है? राजा सिंह का कहना है कि वह इस मुद्दे पर तेलंगाना के गृह मंत्री और केन्द्रीय गृह मंत्रालय को भी पत्र लिखेंगे।