तेलंगाना सरकार के पर्यटन, संस्कृति और आबकारी मंत्री जुपल्ली कृष्णराव हाल ही में तहसीलदार ऑफिस का औचक निरीक्षण करने पहुंचे, वहां वह स्थिति का जायजा ले रहे थे कि उनकी नजर तहसील परिसर में बने टॉयलेट वाले कमरे में पड़ी, जो काफी गंदी थी। इस पर मंत्री अधिकारियों और स्टाफ पर गुस्सा हो गए और उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद उन्होंने एक मिसाल पेश करते हुए खुद ही टॉयलेट साफ करने में जुट गए।
दरअसल मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव शुक्रवार को नागरकुर्नूल जिले के पेंटलावेल्ली में तहसीलदार कार्यालय के औचक निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्हें एक टॉयलेट गंदा मिला, उन्होंने इस पर खराब साफ-सफाई और अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
बहुत गंदे थे सरकारी कार्यालय के टॉयलेट
निरीक्षण के दौरान, तेलंगाना सरकार के मंत्री एक सरकारी कार्यालय में साफ-सफाई की दुर्दशा से दुखी हुए और फिर उन्होंने नाराज होकर अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई के बुनियादी मानकों को बनाए रखने में नाकाम रहने के लिए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा, “यह कतई मंजूर नहीं है। यह इतना गंदा क्यों है?”
इसके बाद मंत्री ने खुद ही पानी डालकर टॉयलेट को साफ करना शुरू किया और कार्यालय में साफ-सफाई की सुविधाओं की हालत की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। मंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सार्वजनिक कार्यालय साफ-सुथरे और स्वच्छ रहें। साथ ही कर्मचारियों व आने वाले लोगों के लिए बुनियादी सुविधाओं का सही रखरखाव का ध्यान रखने का भी कहा।
मंत्री ने इसका वीडियो भी अपनी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “मुझे पेंटलावेली रेवेन्यू ऑफिस के गंदे और मकड़ी के जालों से भरे बाथरूम को खुद ही धोना पड़ा। बाथरूम की हालत वहां के अधिकारियों की सोच को साफ दिखाती है। मैंने इसे खुद पानी से साफ किया, इस उम्मीद में कि इससे दूसरे ऑफिस के अधिकारियों की भी आँखें खुलेंगी।”
कामकाज की समीक्षा के तहत निरीक्षण
जुपल्ली कृष्णा राव का यह निरीक्षण उनके तहसीलदार कार्यालय के कामकाज की समीक्षा का हिस्सा था। यहां उन्होंने राजस्व से जुड़ी अर्जियों की भी जांच की और मंडल राजस्व कार्यालय तथा राजस्व संभागीय अधिकारी (RDO) कार्यालय के बीच लंबित फाइलों की स्थिति की भी जांच की। मंत्री ने अधिकारियों से राजस्व से जुड़ी अर्जियों के निपटारे में हो रही देरी के बारे में भी सवाल दागे और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
मंत्री ने जनता तक सरकारी सेवाओं के समय पर पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही अधिकारियों से लंबित मामलों और अर्जियों पर कार्रवाई में देरी के कारणों के बारे में सवाल किए।
यह भी पढ़ें: रेवंत रेड्डी का अमेरिका दौरा रद्द, केंद्र ने नहीं दी राजनीतिक मंजूरी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को केंद्र सरकार से अमेरिका जाने की इजाजत नहीं मिली है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं। यहां से उनकी योजना अमेरिका जाने और 30 अगस्त को हैदराबाद वापस लौटने की थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
