तेलंगानाः नाबालिगों की पिटाई के बाद जबरन खिलाया गोबर, दो अरेस्ट, जानिए क्या है पूरा मामला
तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के थोरूर शहर में पुलिस ने चोरी के शक में दो नाबालिगों की कथित तौर पर पिटाई किए जाने और गोबर खिलाए जाने के आरोप में दो लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।

तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के थोरूर शहर में पुलिस ने चोरी के शक में दो नाबालिगों की कथित तौर पर पिटाई किए जाने और गोबर खिलाए जाने के आरोप में दो लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। 17 और 15 साल के दो लड़कों को, थोरूर के कांतिपलेम गाँव में गुरुवार शाम कुछ लोगों ने पेड़ से बांधा और पिटाई की।
आरोपियों ने नाबालिगों को गोबर खाने को मजबूर किया। दरअसल ये दोनों लड़के आम के बाग में घुसे थे। जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ ये सलूक किया। पुलिस ने कहा कि बाग में रखवाली करने वाले लोगों में से एक ने अपने मोबाइल फोन पर घटना का वीडियो शूट किया। दो लड़कों में से एक की मां की शिकायत के आधार पर, थोरूर शहर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, लड़के अपने पालतू कुत्ते की तलाश में बाग में घुसे थे। आरोपियों पर आईपीसी की धारा 342 (गलत तरीके से कैद करने), 324 (खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाने), 504 (शांति भंग करने, जानबूझकर अपमान करने ) और जुवेनाइल की धारा 75 (बच्चों के साथ क्रूरता) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
संपर्क करने पर, थोरूर शहर पुलिस स्टेशन के सर्कल इंस्पेक्टर एन करुणाकर ने कहा कि नाबालिगों के साथ मारपीट करने वाले बनोथ याकू और बनोथ रामुलु को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, “यह मानते हुए कि लड़के आम चोरी करने के लिए बाग में घुसे, इन लोगों ने उन्हें बांध दिया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने लड़कों को गोबर खाने के लिए मजबूर किया और गोबर को उनके शरीर पर लगाने को मजबूर किया। उन्होंने लड़कों का वीडियो बनाया और उसे शेयर किया। हम मामले की जांच कर रहे हैं। यह घटना लगभग 4 बजे हुई और गुरुवार रात को एक मामला दर्ज किया गया।”
Indianexpress.com से बात करते हुए, महबूबाबाद जिले के पुलिस अधीक्षक एन कोटि रेड्डी ने इसे एक स्पष्ट मामला बताया। उन्होंने कहा, “हम दो अन्य लोगों की भूमिका की तलाश कर रहे हैं जो उन दोनों के अलावा मौजूद थे जिन्होंने कि लड़कों को पीटा था। इन दोनों व्यक्तियों ने घटना की वीडियो बनाई थी। ”