तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के शनिवार को दिए के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया और संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRAA) का नाम और अवधारण जर्मन तानाशाह एडॉल्फ हिटलर के हाइड्रा शब्द के प्रति लगाव से प्रेरित है।
उन्होंने बेंगलुरु में एक सम्मेलन में कहा, हाइड्रा, यह शब्द हिटलर का पंसदीदा शब्द है। उसके प्रमुख टीम को हाइड्रा कहा जाता था, जो किसी की भी हत्या कर सकती थी। इसलिए मैंने हिटलर से प्रेरणा लेकर इसका नाम HYDRAA रखा है।
अन्य शहरों में अपनाना चाहिए यह मॉडल- रेवंत
जानकारी दे दें कि हैदराबाद में अतिक्रमण हटाने में HYDRAA की भूमिका विवादों में रही है, लेकिन मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इसका बचाव करते हुए कहा कि यह झीलों की रक्षा और सरकारी जमीनों की सुरक्षा कर रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि इस मॉडल को देश के अन्य शहरों में भी अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली जैसे बड़े शहरों को पर्यावरणीय चुनौतियों, बाढ़ और अवैध अतिक्रमण के लिए ऐसे मॉडल की आवश्यकता है।
विपक्ष ने की आलोचना
भाजपा और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी की आलोचना की और कहा कि यह उनकी तानाशाही मानसिकता का संकेत है।
भाजपा ने इसे कांग्रेसी की तानाशाही मानसिकता बताया
इधर रेवंत रेड्डी के द्वारा हिटलर के संदर्भ को लेकर भाजपा के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनके खिलाफ कोई एक्शन लेंगे।
एक्स पर अपने पोस्ट में शहजाद ने लिखा, “रेवंत रेड्डी अब खुलेआम शेखी बघारने लगे हैं कि हिटलर ने उन्हें HYDRAA बनाने के लिए प्रेरित किया। इंदिरा गांधी के इमरजेंसी से लेकर रेवंत रेड्डी द्वारा पत्रकारों और छात्रों पर की गई कार्रवाई तक यह कांग्रेस की तानाशाही की मानसिकता है।”
रेवंत रेड्डी अब खुलेआम शेखी बघार रहे- केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री और सिकंराबाद से भाजपा सांसद जी किशन रेड्डी ने एक्स पर एक पोस्ट में इमरजेंसी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश की जनता की आवाज दबाने की कोशिश की है। भाजपा सांसद ने लिखा, “कांग्रेस की खतरनाक हिटलर जैसी इमरजेंसी वाली मानसिकता एक बार फिर सामने आ गई है। रेवंत रेड्डी अब खुलेआम शेखी बघार रहे हैं कि हिटलर ने उन्हें HYDRAA बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वे हैदराबाद में अपने तोड़फोड़ की तुलना ईरान और इजरायल जैसे युद्धग्रस्त देशों में हुए विध्वंस से कर रहे हैं, जो उनके नेता राहुल गांधी की भाषा की प्रतिध्वनि है।”
हाई कोर्ट लगा चुका है फटकार
इसी साल की अप्रैल में, तेलंगाना हाई कोर्ट ने HYDRAA के कामकाज पर नाराजगी जताई थी और इसकी हालिया विध्वंस गतिविधियों की तुलना “युद्ध जैसी स्थिति” से की थी, जिसे “बर्दाश्त नहीं किया जा सकता”।
अप्रैल में हाई कोर्ट ने संबंधित संपत्ति पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया और HYDRAA की भविष्य की गतिविधियों को प्रतिबंधित करने वाला एक कड़ा निर्देश जारी किया। यह कार्रवाई 98 वर्षीय याचिकाकर्ता एम.ए. शरीफ की कृषि भूमि पर HYDRAA द्वारा एक सदी पुरानी इमारत को ध्वस्त करने से संबंधित मामले में की गई थी।
यह भी पढ़ें: ‘मेरे से ही जुड़ो…’, PM मोदी की तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी से नॉन-पालिटिकल बात, खिलखिला उठा पूरा मंच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के बारे में एक हल्की-फुल्की लेकिन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण टिप्पणी करके तेलंगाना में एक नई राजनीतिक बहस छेड़ दी। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
