बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में छा गए हैं। उनके बयान को लेकर विपक्ष भी सामने आ गया और उनपर तंज कसने लगे हैं। दरअसल सीएम सम्राट चौधरी ने दिल्ली दौरे के तीसरे दिन राज्य में अपराध को लेकर कह दिया कि बिहार में कोई अपराध ही नहीं है, अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है।

उनके इस बयान को लेकर विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बयान का एक वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने एक्स पर कहा, “बिहार में क्राइम हो सकता है अपराध नहीं।”

7 हत्याओं का आरोपी नमूना- तेजस्वी यादव

RJD नेता तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी के भाषण वाले स्टाइल को कॉपी करते हुए लिखा, “मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात 7 हत्याओं का आरोपी नमूना मोदी जी द्वारा चयन किया गया मुख्यमंत्री कह रहा है। मंच पर बैठे आईएएस और आईपीएस इनके साथ काम करने पर अपने आपको सम्मानित महसूस करते होंगे या अपमानित?” तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके बयान को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

आगे सवालिया लहजे में राजद नेता ने कहा, “क्या नरेंद्र मोदी जी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद करवाने की सुपारी ले रखी है?”

वीडियो में सम्राट चौधरी ने कहते हुए नजर आ रहे हैं, “हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट यानी आधार ही खत्म हो गया है। क्राइम हो सकते हैं लेकिन अपराध नहीं, कोई अपराधी नहीं।”

बिहार कांग्रेस ने किया पोस्ट

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस बयान को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार कांग्रेस ने भी सम्राट चौधरी के इस बयान को पोस्ट कर लिखा, “बिहार में क्राइम हो सकता है अपराध नहीं- बिहार के माननीय मुख्यमंत्री”

चिराग पासवान क्या बोले?

मुख्यमंत्री के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने कहा, “वो बिहार के गृह मंत्री हैं, मुख्यमंत्री हैं, यकीनन उनके पास आंकड़े होंगे, और एक बिहारी होने के नाते मैं तो चाहूंगा कि बिहार से क्राइम, अपराध, अपराधी सब खत्म हों, बिहार एक सुरक्षित राज्य बने। बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट बनाने की सोच के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में सेंस ऑफ सिक्योरिटी यदि हमारा राज्य पूरे विश्वास के साथ दे पाए तो और अधिक निवेशक बिहार आएंगे।”

यह भी पढ़ें: ‘राजद और जन सुराज को मिले वोट को अगर जोड़ दिया जाए तो…’, बिहार में हुए MLC चुनावों पर रोहिणी आचार्य का नया फॉर्मूला

बिहार विधान परिषद के चुनावों का परिणाम आ चुका है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर को साथ आने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि दोनों नेताओं की राजनीतिक ताकत एक साथ आए, तो बीजेपी और एनडीए को चुनौती देने की रणनीति मजबूत हो सकती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें