जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने केंद्र और बिहार सरकार से सुरक्षा मांगी है। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि जहां भी मैं जाता हूं, बड़ी संख्या में लोग मुझसे मिलने और तस्वीरें लेने के लिए इकट्ठा होते हैं। तेज प्रताप ने कहा कि रियलिटी शो में काम करके लौटने के बाद मेरी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है, ऐसे में मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है।
तेज प्रताप ने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा मुझे केवल एक सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराया गया है लेकिन जिस तरह से सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ चारों तरफ से मुझे घेरती है, उससे न केवल मेरी सुरक्षा को खतरा है बल्कि मेरे साथ तैनात एकमात्र सुरक्षाकर्मी भी खतरे में पड़ जाते हैं। तेज प्रताप ने कहा कि ऐसी आशंका है कि भीड़ मेरे सुरक्षाकर्मी को घेर सकती है और कोई अप्रिय घटना घट सकती है। तेज प्रताप ने आशंका जताई कि उनके सुरक्षाकर्मी का सरकारी हथियार छीनने जैसी गंभीर घटना भी हो सकती है, ऐसे में मेरी और मेरे सुरक्षाकर्मी दोनों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।
‘क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है?’
तेज प्रताप ने आगे कहा, “मैं इस संबंध में केंद्र सरकार और बिहार सरकार को कई बार मौखिक रूप से अवगत करा चुका हूं। इसके अतिरिक्त पत्र के माध्यम से भी अपनी सुरक्षा को लेकर अनुरोध कर चुका हूं, लेकिन अभी तक मेरी सुरक्षा व्यवस्था में कोई आवश्यक वृद्धि नहीं की गई है। मैं सरकार से पुनः पूछना चाहता हूं कि यदि भविष्य में मेरे साथ अथवा मेरे सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है?”
मेरी सुरक्षा को लेकर सरकार तत्काल गंभीरता से विचार करे- तेज प्रताप
तेज प्रताप ने कहा कि मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से आग्रह करता हूं कि मेरी वर्तमान लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा संबंधी गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए तथा मुझे पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने कहा कि मेरी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। तेज प्रताप ने कहा कि मैं सरकार से किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था की मांग कर रहा हूं और इस विषय पर सरकार तत्काल गंभीरता से विचार करे।
यह भी पढ़ें- परिवार से दूर, राजनीतिक रूप से कमजोर… कब खत्म होंगी तेज प्रताप यादव की मुश्किलें?
लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का चेहरा रहे तेज प्रताप यादव राजनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ चुके हैं। पहले तेज प्रताप यादव आरजेडी से निकल गए और उसके बाद बीते 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी खुद की सीट हार गए। हालांकि तेज प्रताप अपनी राजनीतिक पहचान वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने खुद को बिज़ी रखने के तरीके ढूंढ लिए हैं। सोशल मीडिया पर रेगुलर मौजूदगी बनाए रखने से लेकर रियलिटी टीवी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में काम करने तक वह सक्रिय हैं। पढ़ें पूरी खबर
