तमिलनाडु की भाषा नीति को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच कोयंबटूर और करूर के सरकारी अस्पतालों ने हिंदी समेत तीन भाषाओं में छपे दवाओं के कवर का वितरण रोक दिया है। राज्य के सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली दवा की पैकेजिंग पर खुराक संबंधी निर्देश तमिल, अंग्रेजी और हिंदी में छपे होने के बाद नेताओं ने इसकी तीखी आलोचना की।
विवाद उस समय और बढ़ गया जब द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता टी आर बी राजा ने करूर के अस्पताल में वितरित दवाओं के कवर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में तीन-भाषा नीति को गुपचुप तरीके से लागू किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ऐसा लगता है कि तमिलनाडु के अस्पतालों में भी तीन-भाषा नीति लागू की जा रही है! पहले करूर… अब कोयंबटूर में भी यही स्थिति है…।
18 महीने से ये कवर इस्तेमाल किए जाने का दावा
अस्पताल अधिकारियों ने कहा कि विवादित पैकेजिंग न तो नई है और न ही यह दवा हाल में खरीदी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चिंतामणि सहकारी समिति के माध्यम से प्रायोजित ये कवर पिछले 18 महीनों से लगातार इस्तेमाल किए जा रहे हैं और इनमें से कुछ का इस्तेमाल पिछली सरकार के कार्यकाल में भी हुआ था।
अधिकारियों ने बताया कि तीन भाषाओं में छपे कवर के वितरण की जानकारी सामने आने के बाद इनके आगे के वितरण पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए। तमिलनाडु शिक्षा और सरकारी प्रशासन में केवल तमिल और अंग्रेजी के इस्तेमाल वाली अपनी दो-भाषा नीति का सख्ती से पालन करता है। राज्य सरकार केंद्र की तीन-भाषा नीति का लगातार विरोध करती रही है।
यह भी पढ़ें: हिंदी बनाम तमिल: क्या संघीय ढांचे के लिए खतरा है भाषा का विवाद?
देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि किसी मसले पर असहमति या विवाद की स्थिति है, तो उसे संवाद और सौहार्द के सहारे हल किया जाए और सहमति की हर संभावना को मजबूत किया जाए। मगर विडंबना यह है कि कई बार कुछ मुद्दों को इस हद तक संवेदनशील स्वरूप दे दिया जाता है कि उसके बाद विवाद नाहक ही जटिल होता चला जाता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
