वाराणसी के बुनकरों ने क्रिकेट की विषय वस्तु पर आधारित 15 विशेष बनारसी साड़ियां तैयार की हैं, जिन्हें आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को उपहार के रूप में भेजा जाएगा।
बैट, बाल और क्रिकेट से जुड़े विशेष डिजाइन
लघु उद्योग भारती के काशी प्रांत सचिव सर्वेश श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि इन साड़ियों में भारत द्वारा जीते गए सभी विश्व कप की ट्रॉफी को उनके वर्ष के साथ डिजाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि साथ ही इस साल की ट्रॉफी को भी साड़ी के डिजाइन में जगह दी गई है। श्रीवास्तव ने बताया कि पारंपरिक बनारसी पैटर्न में तैयार की गई इन साड़ियों के ‘बार्डर’ पर बैट, बाल और क्रिकेट से जुड़े विशेष डिजाइन बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हर साड़ी को अलग-अलग डिब्बे में पैक किया गया है और इनमें से शादीशुदा खिलाड़ियों को भेंट की जाने वाली साड़ियों में उनकी पत्नी के साथ उनकी तस्वीरें और अविवाहित खिलाड़ियों को दी जाने वाली साड़ियों में उनकी अपनी तस्वीर लगाई गई है।
करीब 25 से 30 हजार रुपए की लागत
श्रीवास्तव ने बताया कि एक साड़ी को तैयार करने में करीब 25 से 30 हजार रुपए की लागत आई है और इसे बनाने में कारीगरों को करीब डेढ़ महीने का समय लगा है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय क्रिकेट टीम का उत्साह बढ़ाना और बनारसी साड़ी की कला को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने जीतकर इतिहास रच दिया है। भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट से पहले लगातार एक स्लोगन चल रहा था, हिस्ट्री रिपीट, हिस्ट्री डिफीट। अब टीम इंडिया ने हिस्ट्री को रिपीट भी किया और हिस्ट्री को डिफीट भी कर दिया है। भारतीय टीम के लिए इस टूर्नामेंट में चीजें शुरू से आसान नहीं थीं। फिर भी टीम गिरी, उठी और फिर संभली और अब चैंपियन बन गई है। पूरी खबर पढ़ें…
