महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के BJP नीत NDA में शामिल होने की अटकलों के बीच पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में आठ सांसदों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई करीब 25 मिनट की इस बैठक को लेकर सांसदों ने स्पष्ट किया कि इसमें किसी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
बैठक के बाद शिरूर से NCP (SP) सांसद डॉ. अमोल कोल्हे ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में राजनीतिक मुद्दों पर कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने बताया कि सांसदों ने महाराष्ट्र और अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखे।
सुप्रिया सुले ने भी बैठक को गैर-राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पाने के कारण जनता और अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े लंबित मुद्दों को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखना जरूरी था। सुले ने 8 अगस्त को ही घोषणा की थी कि पार्टी के सांसद राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।
शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में पूछा
अमोल कोल्हे के मुताबिक, बैठक की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार के स्वास्थ्य के बारे में सुप्रिया सुले से जानकारी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने शरद पवार के लंबे राजनीतिक सफर और उनकी कार्यशैली का भी जिक्र किया। कोल्हे ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि शरद पवार की कार्यक्षमता, ऊर्जा और उत्साह राजनीति में सभी के लिए एक बेहतरीन उदाहरण हैं।
बीड में सूखे का मुद्दा उठा
बैठक में महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बीड में सूखे की स्थिति को लेकर सांसद बजरंग सोनवणे ने उजनी बांध से मंजरा़ बांध में पानी छोड़ने की मांग प्रधानमंत्री के सामने रखी। इसका उद्देश्य बीड जिले में पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाना है। सांसदों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए ‘पीएम केयर्स फंड’ के तहत सांसदों को उपलब्ध वित्तीय सहायता की सीमा बढ़ाने की मांग भी की।
नवी मुंबई एयरपोर्ट के नामकरण का मुद्दा
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नामकरण का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। सांसद सुरेश (बाल्यामामा) म्हात्रे और डॉ. अमोल कोल्हे ने महाराष्ट्र सरकार की उस मांग पर जल्द फैसला लेने का आग्रह किया, जिसमें एयरपोर्ट का नाम दिवंगत नेता डी. बी. पाटील के नाम पर रखने का प्रस्ताव है। इसके अलावा सांसद निलेश लंके ने राज्य में कैंसर के इलाज की सुविधाओं के विस्तार की जरूरत पर जोर दिया।
फुले और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने की मांग
NCP (SP) सांसदों ने सामाजिक सुधारकों महात्मा ज्योतिराव फुले, क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले, लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे और राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज को भारत रत्न देने की मांग भी प्रधानमंत्री के सामने रखी।
कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर चर्चा
बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति तेज करने की मांग की गई। इनमें नासिक-पुणे हाई स्पीड रेल परियोजना, पुणे-नासिक मेट्रो, छत्रपति संभाजीनगर में PM गति शक्ति से जुड़े कार्य, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (JNPT) और कल्याण-मुरबाड रेलवे लाइन जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। सांसदों ने चंद्रभागा नदी में प्रदूषण और प्याज की कीमतों से जुड़ी किसानों की समस्याओं को भी प्रधानमंत्री के सामने रखा।
NDA में शामिल होने की अटकलों के बीच मुलाकात
NCP (SP) सांसदों की प्रधानमंत्री मोदी से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी के NDA में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, सुप्रिया सुले और अमोल कोल्हे दोनों ने बैठक को राजनीतिक चर्चा से अलग बताया है। सांसदों के मुताबिक, मुलाकात का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र और उनके निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े लंबित जनहित के मुद्दों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाना था।
यह भी पढ़ें: ‘अमित शाह में हिम्मत नहीं…’, राहुल गांधी बोले- देश जानना चाहता है छात्रों पर गोली किसने चलवाई
संसद के मानसून सत्र में दिल्ली में छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध सोमवार को भी जारी रहा। राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष की मांग संसद में उनके किसी सामान्य भाषण की नहीं, बल्कि दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर स्पष्ट जवाब की है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
