Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सांसद एसटी हसन (ST Hassan) को लोकसभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया है। अखिलेश यादव ने लोकसभा अध्यक्ष के पास इस बारे में आधिकारिक चिट्ठी भेज दी है।
डिंपल यादव पहुंचीं लोकसभा
2019 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर चली। भाजपा को 62 सीटों पर जीत मिली। उसके सहयोगी अपना दल (एस) को दो सीटें मिली थीं। 2019 में मायावती और अखिलेश एक साथ आए पर सपा-बसपा गठबंधन कोई करिश्मा नहीं दिखा पाया। बसपा के खाते में 11 सीटें आई हैं वहीं, सपा पांच पर सिमट गई। फिलहाल अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव भी लोकसभा में पहुंच चुकी हैं। वो एसटी हसन की निगरानी में काम करेंगी।
2019 में 11 महिला सांसद यूपी से चुनी गईं, डिंपल 12वीं सांसद
डिंपल यादव ने मैनपुरी से भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को 35982 वोटों से हराया। उत्तर प्रदेश से डिंपल अब 12वीं महिला सांसद हो गई हैं। 2019 में 11 महिला सांसद यूपी से चुनी गईं। इनमें से भाजपा की सबसे ज्यादा आठ महिला सांसद चुनी गईं। अपना दल (एस), कांग्रेस और बसपा की एक-एक महिला प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। सपा से कोई महिला सांसद नहीं थीं। डिंपल पहली महिला नेता हैं जो सपा के खेमे में लोकसभा में दिखेंगी।
इस कदम से सपा को 2024 के चुनाव में मिल सकता है लाभ
डॉ. एसटी हसन मुरादाबाद से लोक सभा सांसद हैं। सपा ने एसटी हसन को ये जम्मेदारी सौंपकर बड़ा दांव खेला है। डॉ. एसटी हसन सपा के दिग्गज नेता आजम खान के करीबी माने जाते हैं। आजम अभी न तो सांसद हैं और न ही विधायक। एसटी हसन को नेता बनाने का फैसला सपा को 2024 के चुनाव में फायदा पहुंचा सकता है। हसन पहली बार मुरादाबाद से सांसद बने हैं। वो अक्सर अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं।