बिहार में बुधवार को इस तरह की अटकलों से राजनीतिक हलचल तेज हो गई कि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा सकते हैं। ऐसी चर्चा भी है कि नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद बीजेपी को मुख्यमंत्री का पद मिल सकता है और नीतीश कुमार के बेटे निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
इसे लेकर दिन भर सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक चर्चा होती रही। हालांकि, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने इन अटकलों को खारिज करते हुए इसे ‘होली का मजाक’ बताया और कहा कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री हैं।
बीजेपी ने घोषित किए दो उम्मीदवार
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 5 मार्च है। बीजेपी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी नाम शामिल है। वहीं, एनडीए के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा को लगातार दूसरी बार राज्यसभा भेजे जाने की पुष्टि हो चुकी है।
जेडीयू ने अब तक नहीं घोषित किए नाम
दूसरी ओर, जेडीयू ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इस महीने की शुरुआत में अपना 75वां जन्मदिन मनाने वाले नीतीश कुमार को जेडीयू की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं उस समय सामने आईं जब एक दिन पहले ही पार्टी ने घोषणा की थी कि उनके पुत्र निशांत राजनीति में प्रवेश करेंगे।
यह भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत को सीधे राज्यसभा भेजा जा सकता है। फिर ये खबर सामने आ गई कि नीतीश कुमार राज्यसभा के रास्ते ”सम्मानजनक विदाई” ले सकते हैं। नीतीश कुमार 2005 से राज्य की सत्ता संभाल रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद बीजेपी बिहार में पहली बार अपना मुख्यमंत्री बना सकती है। यह भी कहा गया कि समझौते के तहत नीतीश कुमार अपने पुत्र के लिए उपमुख्यमंत्री पद पर सहमति जता सकते हैं।
इन चर्चाओं के बीच, बेगूसराय लोकसभा सीट से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ”आज होली है। इस मौके पर ऐसे मजाक आम होते हैं। नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री हैं।”
जेडीयू नेता ने जताई हैरानी
जेडीयू के विधान परिषद सदस्य संजय कुमार ने भी इन अटकलों पर आश्चर्य जताया। संजय ने कहा, ”पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार कौन होंगे, इसकी हमें कोई जानकारी नहीं है। यह माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर अपनी सीट बरकरार रख सकते हैं, लेकिन यह भी आधिकारिक नहीं है। दूसरी सीट के बारे में फैसला मुख्यमंत्री को करना है, जो आखिरी समय में अपने पत्ते खोलने के लिए जाने जाते हैं। मीडिया में चल रही खबरों पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।”
यह भी पढ़ें- क्या तेजस्वी यादव लड़ेंगे राज्यसभा का चुनाव?
क्या बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव राज्यसभा का चुनाव लड़ सकते हैं? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
