उत्तर प्रदेश एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और तस्करी के मामले में वाराणसी से सपा नेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस अफसरों के अनुसार, सपा नेता की पहचान वाराणसी के मैदागिन निवासी अमित यादव के रूप में हुई है। अमित यादव को शनिवार को हरहुआ रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ के अफसरों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कफ सिरप तस्करी के आरोपों में मामला दर्ज था और वह फरार चल रहा था।

पुलिस अफसरों ने कहा, ”पूछताछ में अमित यादव ने बताया कि वह हरिश्चंद्र पोस्टग्रेजुएट कॉलेज का छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी की युवा सभा का राज्य सचिव रह चुका है।”

कोडीन कफ सिरप मामले में शुभम जायसवाल की गिरफ्तारी कब होगी?

अधिकारियों ने कहा, ”यादव ने कबूल किया कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात शुभम जायसवाल से हुई थी। शुभम के पिता भोला प्रसाद की कंपनी शैली ट्रेडर्स कथित तौर पर एबॉट की ‘फेंसेडिल’ कफ सिरप की तस्करी में शामिल थी।”

बताया जाता है कि कोडीनयुक्त कफ सिरप का नशे के रूप में इस्तेमाल होता है और पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश में इसकी काफी मांग रहती है।

अफसरों के मुताबिक, फायदे के लालच में अमित यादव ने शुभम के कहने पर अपनी कंपनी ‘जीएल सर्जिकल’ के जरिए एक लाख से अधिक बोतलें खरीदीं और उन्हें अन्य कंपनी के नाम पर फर्जी बिक्री दिखाकर ऊंचे दामों में बेच दिया। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ पहले से दंगा, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस पूरे उत्तर प्रदेश में कोडीनयुक्त कफ सिरप के भंडारण और वितरण से जुड़े अवैध नेटवर्क की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल दिसंबर में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नकली दवाओं और कोडीन सिरप से मौतों के आरोपों का खंडन किया था।

सीएम योगी ने दिखाई थी सदन में तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार के संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि इस प्रकरण में आरोपियों के सपा से संबंधों के सबूत मिले हैं और सदन में तस्वीरें दिखाकर दावा किया था कि एक आरोपी अमित यादव को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ देखा गया था।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह भी आरोप लगाया था कि मामले के सरगना शुभम जायसवाल के भी सपा से संबंध थे और वह अमित का कारोबारी साझेदार था।

यह भी पढ़ें- 2 करोड़ की प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप बरामद