उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अबतक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9,12,696.35 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। हालांकि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। अमेरिका-भारत के ट्रेड डील का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें ढील दी गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के ऊपर जो संकट आने वाला है, उसकी कोई तैयारी नहीं की है।
किसानों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने क्या तैयारी की?- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि डील में जो ढील दी गई है और किसानों के ऊपर जो संकट आने वाला है, उसकी क्या तैयारी की है उत्तर प्रदेश सरकार ने? उन्होंने कहा कि अभी तक डील को लेकर स्पष्ट बातें नहीं बताई गई हैं। अखिलेश यादव ने कहा की खबरें आ रही है, काफी सारे कृषि के समान आएंगे, एग्रीकल्चरल प्रोडक्ट आएगा, एनिमल फीड आएगा तो हमारे उत्तर प्रदेश में ग्रासलैंड एंड फॉडर विभाग का क्या होगा?
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल एक ही बात नहीं है बल्कि धान, गेहूं, आलू, गन्ने की फसलों पर जो एमएसपी की बात कही गई थी, उसको लेकर क्या गारंटी दी गई है? उन्होंने कहा कि आखिरकार सरकार एमएसपी कहां दे पाई? उन्होंने कहा कि इसी सरकार ने कहा था की आय दुगनी कर देंगे और जिस तरह से महंगाई डबल इंजन सरकार में बढ़ी है, क्या किसानों की आय उसी अनुपात में बढ़ी है।
‘बेरोजगारी कैसे दूर करोगे?’
अखिलेश यादव ने कहा कि डबल इंजन के लोग आय दुगनी कर रहे थे। उन्होंने पूछा, “बेरोजगारी को लेकर सरकार ने कोई क्लियर स्ट्रेटजी नहीं बताई है। इनके पास कोई क्लियर रोड मैप या विजन नहीं है। जो नौजवान हैं, जो बेरोजगारी से जूझ रहा है, उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है, वह हताश हो रहा है। वह बेरोजगारी से कैसे निपटेगा? इसका कोई रास्ता सरकार ने नहीं बताया। आपके पास कोई बड़ा इन्वेस्टमेंट आया नहीं, बेरोजगारी दूर करने के लिए आपने कोई बड़ा फैसला लिया नहीं, तो आखिर में इतने बड़े पैमाने पर बेरोजगारी कैसे दूर करोगे?” अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि फिर भी आप बजट में कह रहे हैं इतने लोगों को नौकरी देंगे।
