उत्तर प्रदेश में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान मची हुई है। कांग्रेस ने बराबरी से सीट बंटवारा करने की मांग की है तो वहीं समाजवादी पार्टी के नेता भी लगातार बयान देते रहते हैं। इस बीच कुछ दिन पहले ही अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्वामी प्रसाद मौर्य ने गठबंधन में शामिल होने पर सहमति जताई और उत्तर प्रदेश में 10 सीटों की मांग की है।

स्वामी प्रसाद मौर्य के इंडिया गठबंधन में शामिल होने को लेकर पत्रकारों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से सवाल पूछा। पत्रकारों ने पूछा कि स्वामी प्रसाद मौर्य दिल्ली जा रहे हैं तो क्या वह भी उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में शामिल होंगे? उसके जवाब में अखिलेश यादव ने दो टूक कहा कि हमारे गठबंधन में वह शामिल नहीं हो सकते हैं। अखिलेश ने कहा कि हमारी सीट की गिनती में वह नहीं शामिल हो सकते हैं, आप क्यों बेवजह का बहस छेड़ रहे हो।

राहुल से मिले थे स्वामी प्रसाद मौर्य

अखिलेश यादव के बयान से स्पष्ट हो गया कि स्वामी प्रसाद मौर्य को इंडिया गठबंधन में शामिल करने को लेकर अखिलेश यादव सहमत नहीं है। हालांकि कांग्रेस ने भी अभी तक स्पष्ट नहीं कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य गठबंधन में शामिल होंगे या नहीं होंगे? लेकिन यह बात सच है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने कुछ दिन पहले राहुल गांधी से मुलाकात की थी।

क्या राहुल को दिया संदेश?

अब बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को संदेश दिया है? दरअसल 2022 विधानसभा चुनाव से पहले स्वामी प्रसाद मौर्य समाजवादी पार्टी में कुछ नेताओं के साथ शामिल हुए थे। अखिलेश ने उन्हें और उनके साथ आए हुए नेताओं को टिकट दिया, लेकिन पार्टी को कुछ खास फायदा नहीं हुआ। इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य को अखिलेश यादव ने विधान परिषद भी भेजा था लेकिन बाद में हिंदू धर्म को लेकर विवादित बयानबाजी को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य पर सपा नेताओं ने हमला शुरू कर दिया था।

इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद से भी इस्तीफा दे दिया था और सपा छोड़ दी थी। फिर उन्होंने अपनी जनता पार्टी का गठन किया और अब 2027 विधानसभा चुनाव से पहले वह फिर से इंडिया गठबंधन में शामिल होना चाहते हैं। इस बीच बताया जाता है कि अखिलेश यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य के बर्ताव से खुश नहीं थे और उसके बाद से नाराजगी और बढ़ती गई। ऐसे में अखिलेश का बयान राहुल के लिए एक संदेश भी माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर दान विवाद: ‘अगर स्वामी प्रसाद मौर्य में हिम्मत है…’, पूर्व मंत्री पर भड़के महंत राजू दास

हनुमानगढ़ी मंदिर के पुजारी महंत राजू दास ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के अयोध्या में राम मंदिर चंदा ‘चोरी’ मामले पर दिए गए विवादित बयानों की आलोचना की और कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…