दिल्ली पुलिस ने साउथ दिल्ली इलाके में एक हत्या मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को खौफनाक मौत दी है।

बुधवार को पुलिस ने बताया कि एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची। इसमें उसने अपने कथित 20 वर्षीय प्रेमी को पैसों का लालच देकर शामिल किया। प्रेमी ने नाजिया के पति का गला रस्सी से घोंटा, उसे बिजली के झटके दिए और फिर लकड़ी के डंडे से पीटा। फिर उसके शव को दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार इलाके में उसके घर के पास फेंक दिया।

नाजिया ने पानी में मिलाई थी नशीली गोलियां

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया कि 45 वर्षीय पत्नी मंजू उर्फ नाजिया ने कथित तौर पर पानी में नशीली दवा मिलाकर अपने पति मुन्ना लाल को पिला दी ताकि वह बेसुध हो जाए। इसके बाद 20 वर्षीय प्रेमी चमन और उसके 28 वर्षीय दोस्त किशन ने पति मुन्ना लाल पर हमला बोल दिया।

पुलिस के मुताबिक, नाजिया ने प्रेमी चमन को 5 लाख रुपये देने का वादा करके अपने पति की हत्या में मदद करने के लिए राजी किया और हत्या के तुरंत बाद उसे 20,000 रुपये भी दिए।

पुलिस ने बताया कि 10 अगस्त की सुबह 5:15 बजे दक्षिण दिल्ली इलाके में एक पुरुष के शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की।

मुन्नालाल के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (दक्षिण) अनंत मित्तल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुन्ना लाल घटनास्थल पर मृत पाए गए और उनके शरीर पर चोट के कई निशान थे।”

अनंत मित्तल ने बताया कि नाजिया ने शुरू में जांच करने वालों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने कहा कि घर में घुसने वाले चोरों ने उसके पति की हत्या कर दी है। अपनी बात को सच साबित करने के लिए उसने घर का सामान इधर-उधर बिखेर दिया और कुछ चीजें भी हटा दीं। लेकिन घर के बाहर लगे CCTV कैमरे की फुटेज से कुछ और ही बात सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, फुटेज में एक नकाबपोश आदमी रात करीब 1.45 बजे घर में घुसते और उसी रात करीब 3.15 बजे निकलते हुए दिखा। दूसरे सबूतों से भी पता चला कि यह हत्या पहले से सोची-समझी साजिश के तहत की गई थी। अधिकारी ने बताया कि जब नाजिया के सामने सबूत रखे गए, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

क्यों की गई हत्या?

अनंत मित्तल ने बताया कि हत्या की वजह नाजिया के साथ अक्सर होने वाले घरेलू झगड़े, पैसों की तंगी, मारपीट और बेइज्जती थी। चमन के साथ अफेयर की वजह से भी पति के साथ उसके रिश्ते खराब हो गए थे।

पक्का करने के लिए डंडे से पीटा

DCP ने बताया कि चमन ने ही नाजिया को नींद की गोलियां दी थीं, ताकि वह हत्या वाली रात मुन्ना लाल को खिला सके। जब वह सो गया, तो उसका गला घोंटा गया, उसे बिजली का झटका दिया गया और यह पक्का करने के लिए कि वह मर चुका है, उसे डंडे से पीटा गया।

पुलिस ने नाजिया, चमन और किशन को गिरफ्तार किया और उनसे 15,000 रुपये बरामद किए। आगे की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: VVIP पते पर 200 करोड़ का फ्रॉड: पीएम आवास के पास वाली कोठी के नाम पर ‘सुपर रिच’ बिल्डर को ठगा; जानें कैसे सुलझा केस

दिल्ली के सबसे पॉश और वीवीआईपी इलाकों में से एक अमृता शेरगिल मार्ग पर स्थित कोठी नंबर 9 इन दिनों एक बड़े प्रॉपर्टी घोटाले को लेकर सुर्खियों में है। प्रधानमंत्री आवास, विदेशी दूतावासों और संसद के पास स्थित इस बेहद ही सुरक्षित इलाके की संपत्ति का कभी खुले बाजार में बिकना नामुमकिन सा माना जाता था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें