बिहार विधान परिषद के चुनावों में जदयू के खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी और उसकी सहयोगी भाजपा के बीच मतभेद उभरते हुए दिखाई दे रहे हैं। चार विधान परिषद सीटों में से तीन पर हार के बाद जदयू की ओर से हार का ठीकरा अपने सहयोगी दल भाजपा पर फोड़ने का संकेत मिल रहे हैं।
जदयू गुरुवार को चुनाव में मिली हार की समीक्षा के लिए एक बैठक आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इस बैठक में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी के शामिल होने की उम्मीद है।
यह घटनाक्रम दोनों सहयोगी दलों के बीच पहले से चल रहे तनाव के बीच सामने आया है। दरअसल, हाल ही में दो नवनिर्वाचित निर्दलीय विधान परिषद सदस्य (MLC) बंशीधर ब्रजवासी (तिरहुत स्नातक सीट) और राहुल राज (सारण शिक्षक सीट) बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इन दोनों ने विधान परिषद चुनाव में जेडीयू के उम्मीदवारों को हराया था।
दोनों निर्दलीय एमएलसी के भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें अयोग्य घोषित करने की मांग भी उठने लगी है। इस घटनाक्रम ने जेडीयू और बीजेपी के बीच राजनीतिक मतभेदों को और चर्चा में ला दिया है।
तिरहुत ग्रेजुएट सीट से जदयू कैंडिडेट अभिषेक झा ब्रजवासी से हार गए। वहीं सारण टीचर्स सीट से पार्टी के कैंडिडेट पुष्कर आनंद भाजपा के बागी राहुल राज से हार गए। वहीं, दरभंगा टीचर्स सीट से जदयू कैंडिडेट घनश्याम राय जन सुराज पार्टी के एसपी राय से हार गए।
जदयू लिए विधान परिषद चुनाव में एकमात्र राहत पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत रही, लेकिन चुनाव में मिली हार और उसके बाद हुए घटनाक्रमों ने पार्टी के भीतर भारी नाराजगी पैदा कर दी है।
JDU के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि जिस तरह बीजेपी ने निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को अपने साथ शामिल करने में जल्दबाजी दिखाई, उससे साफ हो गया कि वह कभी हमारे साथ खड़ी ही नहीं थी। सभी जानते थे कि राहुल राज हमारे उम्मीदवार पुष्कर आनंद के खिलाफ भाजपा के अघोषित उम्मीदवार थे। हमारे दबाव के बाद ही भाजपा ने दोनों निर्दलीय उम्मीदवारों को अपना सदस्य बताने से पीछे कदम खींचे हैं।
इस नेता ने NDA की दो विधान परिषद सीटों पर हार के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने एक सच्चे सहयोगी की तरह चुनाव लड़ा होता तो NDA आठ में से कम से कम पांच सीटें जीत सकता था। भाजपा के असहयोग के कारण ही जन सुराज पार्टी को भी विधान परिषद में अपना खाता खोलने का मौका मिला।
नेता ने कहा कि पार्टी को भाजपा के सामने अपनी नाराजगी मजबूती से रखनी चाहिए। जदयू की समीक्षा बैठक में पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के बाद पार्टी के दो शीर्ष नेताओं संजय झा और केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के बीच सत्ता और प्रभाव को लेकर चल रही खींचतान भी देखने को मिल सकती है।
यह बैठक एक अन्य घटनाक्रम के बीच हो रही है। विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट जीतने के बाद नीरज कुमार ने केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ जदयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की खुले तौर पर आलोचना की थी। बताया जाता है कि ललन सिंह ने पटना स्नातक सीट पर निष्कासित जदयू नेता अनंत कुमार सिंह को परोक्ष समर्थन दिया था।
माना जा रहा है कि ललन सिंह समीक्षा बैठक में शामिल नहीं होंगे। जदयू के एक नेता ने कहा कि नीरज कुमार के दोबारा सीट जीतने से ललन सिंह असहज महसूस कर सकते हैं। वैसे भी यह राज्य स्तर की बैठक है, इसलिए उनके पास इसमें शामिल न होने का एक कारण है। बैठक में नीरज कुमार की मौजूदगी उनके लिए और असहज स्थिति पैदा कर सकती है। हालांकि संजय झा और ललन सिंह खुलकर एक-दूसरे के खिलाफ कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन दोनों के बीच शीतयुद्ध जरूर चल रहा है।
हालांकि, पार्टी के एक अन्य नेता का मानना है कि इन मतभेदों के बावजूद एक मुद्दे पर पार्टी के दोनों नेता एकमत हैं। वह है बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का पार्टी में भविष्य और नेतृत्व की भूमिका। निशांत कुमार, जदयू प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे हैं। उनके समीक्षा बैठक में शामिल होने की संभावना है। नेता ने कहा कि संजय झा और ललन सिंह दोनों इस बात को लेकर स्पष्ट हैं कि पार्टी की राजनीति भविष्य में निशांत कुमार के इर्द-गिर्द ही केंद्रित होगी।
उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह आने वाला 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही धनंजय सिंह ने कहा कि अब जेडीयू से उनका नाता खत्म हो चुका है। धनंजय सिंह उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज में एक रामकथा में शामिल हुए। यहीं पर पत्रकारों ने उनसे विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल किया था। पढ़ें पूरी खबर।
