अयोध्या में स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों के बीच उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम को लेकर भी ऐसे ही आरोप लगे हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई है और श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।
बीकेटीसी के एक पदाधिकारी ने बताया कि देहरादून में सक्रिय भैरव सेना नाम के संगठन ने आरोप लगाया है कि बद्रीनाथ धाम का एक कर्मचारी दान और चढ़ावे की राशि का गबन कर रहा है।
बीकेटीसी के एक अधिकारी का कहना है कि हालांकि इस बारे में भैरव सेना ने कोई सबूत नहीं दिया है लेकिन फिर भी मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इसके साथ ही दान की गिनती का काम करने वाले कर्मचारियों से भी जवाब मांगा गया है।
बीकेटीसी के चेयरमैन ने क्या कहा?
द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए बीकेटीसी के चेयरमैन हेमंत द्विवेदी ने कहा, “बीकेटीसी ने आरोपों को बहुत गंभीरता से लिया है। चूंकि यह करोड़ों लोगों की भावनाओं और आस्था से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है, इसलिए आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करने का आदेश जारी किया गया है।”
दोषियों के खिलाफ करेंगे सख्त कार्रवाई
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि जांच की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाएगा और अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीकेटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह के आरोप लगाए गए हैं कि बीकेटीसी अध्यक्ष का निजी सहायक गबन के इस मामले में शामिल है। द्विवेदी ने कहा, “मेरा कोई निजी सचिव नहीं है। वह व्यक्ति बीकेटीसी का नियमित कर्मचारी है और इससे पहले तीन अध्यक्षों के निजी सचिव के रूप में काम कर चुका है। अगर सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की हुई जांच
बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंगर ने कहा है कि बद्रीनाथ मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की शुक्रवार को जांच की गई लेकिन इसमें कुछ ठोस नहीं मिला।
सीईओ ने कहा, “अगर जांच में कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम-1939 और कर्मचारी आचरण नियमों के अनुसार दोषियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”
सूत्रों ने बताया कि जहां बीकेटीसी के कर्मचारी दान की राशि गिनते हैं, उस कमरे में पांच सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
यह भी पढ़ें- ‘हो सकता है जेल जाएं चंपत राय, गोपाल राव, अनिल मिश्रा’
राम मंदिर में दान राशि की कथित चोरी के मामले में भाजपा नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि मामले में धन की हेराफेरी हुई है और हो सकता है कि आने वाले दिनों में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जेल जाएं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
