Shivpal Yadav on Aparna Yadav: सपा संरक्षक मुलायम सिंह के यादव के निधन के बाद मैनपुरी उपचुनाव से पहले शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने डिंपल यादव के समर्थन में जमकर चुनाव प्रचार किया था। आखिरकार डिंपल यादव ने रिकॉर्ड मतों से जीत भी हासिल की।
उसके बाद से शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) में लोगों को शामिल करने के लिए पूरी जोर आजमाइश कर रहे हैं। इसी बीच बलिया पहुंचे शिवपाल यादव से जब सवाल पूछा गया कि आप तो समाजवादी पार्टी में आ गए, क्या अब अपर्णा यादव की भी पार्टी में वापसी होगी?
समाजवादी पार्टी के पक्के लोग सभी साथ आएं: शिवपाल यादव
इस सवाल के जवाब में शिवपाल यादव ने कहा, ‘जितने भी समाजवादी पार्टी के पक्के लोग हैं। हम उन सभी लोगों से कहना चाहते हैं कि वो सभी लोग साथ आएं और भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करें। उन्होंने कहा कि अपर्णा हमारी बहू है, जब भी कोई परिवार का कार्यक्रम होता है, तब सभी लोग शामिल होते हैं।
सपा नेता ने इस दौरान बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के लोग संघर्ष के पथ पर निकलेंगे और निश्चित है कि अब लंका जलेगी। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों का मोर्चा बनाए जाने के सवाल पर कहा कि सपा अकेले उत्तर प्रदेश से बीजेपी को हटाने में सक्षम है। शिवपाल यादव ने कहा, ‘हम भगवान राम और कृष्ण को मानने वाले लोग हैं तथा इनके विचारों पर चलने वाले हैं। सपा के लोग संघर्ष के पथ पर निकलेंगे और निश्चित है कि लंका जलेगी।
दरअसल, अपर्णा यादव को परिवार के भीतर शिवपाल का काफी करीबी बताया जाता है। शिवपाल के सपा में शामिल होने के बाद से अपर्णा यादव की भी सपा में शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर थीं। कहा यह भी जाता है कि शिवपाल यादव की बात अपर्णा मानती हैं।
डिंपल यादव की जीत पर अपर्णा यादव ने दी थीं शुभकामनाएं, बर्थडे भी किया विश
वहीं डिंपल यादव की जीत पर जब अपर्णा यादव ने जीत की शुभकामनाएं दीं तो उस वक्त इन चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया था कि अब अपर्णा यादव सपा में शामिल हो जाएंगी। हालांकि कुछ दिनों बाद यह सभी चर्चाएं धीमी पड़ गईं। इसके बाद 15 जनवरी को जिस तरह अपर्णा यादव ने डिंपल यादव को शुभकामनाएं दीं। उसके बाद फिर से इन चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। अपर्णा यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘मैनपुरी की सांसद आदरणीय डिंपल यादव भाभी जी को जन्मदिन पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।