शिवसेना यूबीटी के बागी सांसद नागेश अष्टिकर ने शनिवार को सार्वजनिक रूप से कहा कि वे एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला उद्धव ठाकरे के प्रति नाराजगी के बजाय अपने निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों को पूरा करने और धन जुटाने की जरूरत के मद्देनजर लिया गया है।
सांसद नागेश का बयान इसलिए अहम है क्योंकि अभी तक छह बागी सांसदों में से किसी ने सार्वजनिक रूप शिवसेना शिंदे गुट को ज्वाइन करने की पुष्टि नहीं की है। इधर कहा जा रहा कि आज बागी सांसद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं और लोकसभा अध्यक्ष से हुई मुलाकात के बारे में और जनता के सामने अपना पक्ष रख सकते हैं।
सत्ताधारी दल का साथ देना जरूरी हो गया- बागी सांसद
शिवसेना यूबीटी के बागी सांसदों में एक नागेश अष्टिकर ने कहा कि उनके क्षेत्र में कई विकास कार्य फंड न मिलने के कारण रुके हुए हैं, जिसके चलते उन्हें कार्यकर्ताओं, समर्थकों और जनता के हितों को ध्यान में रखकर यह फैसला लेना पड़ा। उन्होंने आगे कहा, “फंड नहीं मिल रहा था और विकास कार्य आगे नहीं बढ़ रहे थे। जनता के हित के लिए सत्ताधारी दल का साथ देना जरूरी हो गया है।”
विचारधारा का त्याग नहीं किया- सांसद
उद्धव ठाकरे गुट की आलोचनाओं के बीच अपने इस कदम का बचाव करते हुए नागेश अष्टिकर ने जोर देकर कहा कि उनका निर्णय विचारधारा से जुड़ा नहीं है और वे शिवसेना की मूल राजनीतिक पहचान नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, मैंने विचारधारा का त्याग नहीं किया है। मैं शिवसेना से सिर्फ शिवसेना में ही जा रहा हूं, कहीं और नहीं। कई दिनों की अटकलों के बाद, वे छह बागी सांसदों में से पहले ऐसे सांसद बन गए जिन्होंने खुले तौर पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की पुष्टि की।
संजय राउत पिता के समान- नागेश
नागेश अष्टिकर ने उद्धव ठाकरे गुट को हुए राजनीतिक झटके को कम करने की कोशिश करते हुए कहा, “मैं उद्धव साहब से नाराज नहीं हूं, लेकिन सरकार और सत्ता के बिना जनता का काम नहीं हो रहा था।” उन्होंने यह भी कहा कि संजय राउत उनके लिए पिता के समान है और उनके फैसले से नाराज नहीं हैं।
बागी सांसद आज कर सकते हैं प्रेस कॉन्फ्रेंस
सूत्रों के मुताबिक, बागी सांसदों के प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से शिवसेना यूबीटी की फूट सामने आ जाएगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी बागी सांसद लोकसभा अध्यक्ष से हुई मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो और उन्हें सौंपा गया पत्र जारी कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: क्या अब शिंदे खेमे में जाएंगे ओमराजे निंबालकर? उद्धव ठाकरे के पास MP ने भेजा अपना करीबी नेता
महाराष्ट्र की राजनीति में अभी भी बागी सांसदों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शिवसेना यूबीटी के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की अटकलों के बीच धराशिव सांसद ओमराजे निंबालकर ने शनिवार को शिंदे खेमा ज्वाइन होने के एक सवाल पर जवाब दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
