महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा है कि राज्यसभा चुनाव की एक सीट महा विकास आघाडी में से शिवसेना (यूबीटी) को ही मिलनी चाहिए। महाराष्ट्र में सात राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होंगे और मतों की गिनती उसी दिन होगी।
आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, ”राज्यसभा चुनाव के लिए की जा रही बातचीत में कोई गतिरोध नहीं है, सभी दल एक-दूसरे के संपर्क में हैं। हमने एक राज्यसभा सीट पर अपना दावा पेश किया है क्योंकि संख्या के हिसाब से और एमवीए के लिए तय ‘रोटेशन’ नीति के अनुसार इस सीट पर शिवसेना (यूबीटी) को चुनाव लड़ना चाहिए।”
शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि 16 मार्च को होने वाले चुनावों से पहले राज्यसभा की एकमात्र सीट को लेकर एमवीए के भीतर चर्चा हो रही है लेकिन सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी होने के नाते उनके दल का रुख इस फैसले के लिए महत्वपूर्ण होगा।
राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पूर्व सांसद राजन विचारे और विनायक राउत सहित कई नेताओं ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। राजन विचारे और विनायक राउत 2024 का लोकसभा चुनाव हार गए थे।
इन नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल
अप्रैल में एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, एनसीपी (एसपी) की फौजिया खान, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, बीजेपी के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और एनसीपी के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
तीनों दलों ने ठोका दावा
महाराष्ट्र में सरकार चला रही महायुति के पक्ष में भारी बहुमत को देखते हुए एमवीए संसद के ऊपरी सदन और विधान परिषद में केवल एक-एक सदस्य को निर्वाचित कराने में सफल हो सकती है। हालांकि, एमवीए के तीनों घटक दलों शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) ने इस इकलौती सीट पर अपना दावा ठोका है।
शिवसेना (यूबीटी) के पास 20 विधायक हैं, उसके बाद कांग्रेस के पास 16 और एनसीपी (एसपी) के पास 10 विधायक हैं। राउत ने कहा कि वरिष्ठ नेता शरद पवार उच्च सदन में एक और कार्यकाल चाहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उद्धव ठाकरे और एनसीपी (एसपी) नेता जयंत पाटिल ने इस मामले पर चर्चा की है। राउत ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) राज्यसभा में अपना प्रतिनिधि भेजना चाहती है।
महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव में विपक्ष पर बढ़ा दबाव
महाराष्ट्र के राज्यसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी के लिए यह मुकाबला कठिन होने की आशंका है क्योंकि विधानसभा में उसके पास बहुमत नहीं है। एकजुट होकर मतदान करने पर वह संभवतः केवल एक सीट ही जीत सकती है। क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
