शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसदों के पाला बदलने की अटकलों के बीच पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को अहम बैठक बुलाई है। शिवसेना (यूबीटी) के एक सांसद के मुताबिक, यह बैठक रविवार दोपहर मुंबई के बांद्रा पूर्व इलाके में ठाकरे के आवास मातोश्री पर होगी।

उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेताओं ने दावा किया था कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत कुछ सांसद उनकी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

शिवसेना (यूबीटी) के एक सांसद ने कहा कि इस बैठक का अटकलों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एक नियमित बैठक है। शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा में नौ सांसद हैं।

केंद्रीय मंत्री ने किया था दावा

केंद्रीय मंत्री और शिवसेना सांसद प्रतापराव जाधव द्वारा यह दावा किए जाने के बाद कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ पूरा होने के करीब है, इस तरह की अटकलों को बल मिला है। जाधव ने कहा था कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ पूरा होने की कगार पर है। शिंदे जब भी चाहेंगे, इसे तुरंत पूरा कर दिया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार के राज्य मंत्री भरत गोगावाले ने भी संकेत दिया कि विरोधी खेमे के नेता पार्टी के संपर्क में थे।

गोगावाले ने कहा, “अगर कोई नेता हमारे पास आ रहे हैं, तो हम उनका स्वागत करेंगे। अब सही समय है। कुछ नेताओं ने पहले ही अपना मन बना लिया है और कई और जल्द ही हमारे साथ जुड़ेंगे।”

इस सप्ताह दिल्ली में एक सवाल के जवाब में एकनाथ शिंदे ने कहा था कि चुनाव खत्म हो चुके हैं और किसी संख्या के खेल की कोई जरूरत नहीं है। सात सांसदों के साथ शिवसेना केंद्र में बीजेपी की तीसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है। बीते दिनों ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी में भी बगावत हो चुकी है। टीएमसी के बागी गुट द्वारा भाजपा को समर्थन देने के बाद केंद्र का गणित काफी बदल सकता है। बागी गुट का दावा है कि उसे टीएमसी के 20 सांसदों का समर्थन हासिल है।

अटकलों को किया खारिज

शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने अटकलों को खारिज कर दिया और कहा कि इस तरह के दावे लंबे समय से चल रहे हैं। दानवे ने कहा, “कुछ सांसदों के शिवसेना के संपर्क में होने की चर्चा महीनों से… लगभग दो साल से चल रही है। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई दम है।”

हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल अष्टिकर ने कहा कि सांसदों के छोड़ने की खबरें निराधार हैं। नासिक के सांसद राजभाऊ वाजे ने भी इन अटकलों का खंडन किया और कहा कि वे पार्टी के साथ ही रहेंगे।

देखना होगा कि उद्धव ठाकरे के आवास पर होने वाली बैठक में शिवसेना (यूबीटी) के कितने सांसद शामिल होते हैं?

यह भी पढ़ें- ‘INDIA गठबंधन को कमजोर कर रही राहुल गांधी की राजनीति’

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आलोचना की। विजयन ने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक रवैया INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन को मजबूत नहीं करता और इससे अक्सर बीजेपी को ही फायदा होता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।