4 राज्यों की 28 एमएलसी सीटों के चुनावी नतीजों के बाद सियासी घमासान जारी है। महाराष्ट्र की 5 सीटों के लिए हुए मतदान के नतीजे फाइनल हो गए हैं। इसमें से 2 सीटें शरद पवार गुट को मिली हैं। संभाजीनगर स्नातक और पुणे स्नातक की सीट पर शरद पवार गुट के उम्मीदवार ने बीजेपी-शिंदे गठबंधन के उम्मीदवार को हरा दिया है। इसको लेकर बीजेपी और शिंदे गुट की शिवसेना के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

बीजेपी की ओर से हार के लिए शिवसेना को जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद शिवसेना ने पलटवार किया है। पार्टी प्रवक्ता आनंद परांजपे ने कहा है कि बीजेपी को किसी बाहरी व्यक्ति के बजाय अपने कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि पुणे स्नातक सीट पर बीजेपी के अपने ही कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने ही उम्मीदवार को स्वीकार नहीं किया।

‘बाहरी को उम्मीदवार बनाने का हुआ नुकसान’

आनंद परांजपे ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि बीजेपी ने बाहरी को टिकट देकर अपने कार्यकर्ताओं को नाराज किया है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी किसी ऐसे कार्यकर्ता को टिकट देती, जिसने लंबे समय तक पार्टी के लिए काम किया है तो इससे कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में उत्साह पैदा होता। उनका मानना है कि बाहरी उम्मीदवार को मैदान में उतारने से पार्टी के वफादार कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हुआ है।

‘पुणे की एक सीट शिवसेना मांग रही थी’

शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि पुणे स्नातक सीट पर उनकी पार्टी शुरुआत से ही चुनाव लड़ने की मांग कर रही थी, लेकिन जब पुणे के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी का विधान परिषद सदस्य नहीं है तो दोनों सीटों पर अकेले दावा करने के फैसले पर विचार क्यों नहीं किया गया? परांजपे के मुताबिक, कार्यकर्ताओं की मांग थी कि शिवसेना को पुणे की कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए था।

3 में से 1 सीट ही जीत पाई बीजेपी

बता दें कि महाराष्ट्र MLC चुनाव से पहले महायुति की समन्वय समिति की बैठक में चार सीटों को लेकर चर्चा और फैसला हुआ था। इसके बाद बीजेपी ने पुणे स्नातक, पुणे शिक्षक और नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इनमें से दो पर बीजेपी उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है। सिर्फ पुणे शिक्षक सीट बीजेपी के खाते में आई है।

किस उम्मीदवार से थी शिवसेना को दिक्कत?

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी ने मीडिया कारोबारी प्रतापसिंह जाधव की बहू स्मिता जाधव को उम्मीदवार बनाया था। परांजपे ने दावा किया कि उन्हें पार्टी में शामिल होने से पहले ही उम्मीदवार घोषित कर दिया गया था। शिवसेना प्रवक्ता ने इसी फैसले को बीजेपी के कार्यकर्ताओं में असंतोष की एक वजह बताया। उन्होंने कहा कि शिवसेना ने बीजेपी पर आरोप नहीं लगाए हैं और न ही ऐसा करने का इरादा है। हालांकि, बीजेपी को अपने सहयोगियों को विश्वास में लेकर उचित समन्वय के साथ काम करना चाहिए।

‘आत्ममंथन का समय है’

परांजपे ने इस दौरानछत्रपति संभाजीनगर और अमरावती में बीजेपी नेताओं के रुख से भी महायुति गठबंधन को नुकसान हुआ। उन्होंने चुनाव में हार को लेकर शिवसेना पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) सहित गठबंधन के सभी सहयोगियों को नतीजों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

‘चुनावी नतीजों को लेकर बीजेपी के आरोप निराधार हैं’

परांजपे के अलावा शिवसेना के बड़े नेताओं में से एक संजय निरुपम ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि चुनाव के नतीजे सबके सामने हैं, लेकिन बीजेपी के कुछ नेता लगातार इन नतीजों को लेकर शिवसेना पर आरोप लगा रहे हैं, जो गलत है। संजय निरुपम ने कहा कि इससे पहले भी कई नगर पंचायतों और नगर परिषदों के चुनाव में महायुति के घटक दलों के बीच फ्रेंडली फाइट हुई है, लेकिन उस समय एक-दूसरे पर इस तरह के आरोप नहीं लगाए गए थे।

यह भी पढ़ें: MLC चुनाव में क्यों होती है वोटों की कई राउंड में गिनती, जानें क्या है STV सिस्टम जिसने BJP को दिलाई बड़ी जीत

महाराष्ट्र में हाल ही में विधान परिषद की पांच सीटों के लिए शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए। इन चुनावों में आम लोकसभा और विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल होने वाली फर्स्ट पास्ट द पोस्ट (FPTP) सिस्टम के बजाय सिंगल ट्रांसफरेबल वोट (STV) सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर…