शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में माता साहब गुरुद्वारे में हमला किया गया था और इसमें उनके हाथ में चोट आई थी। बादल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बादल उस वक्त अपनी पत्नी और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मत्था टेकने के लिए गुरुद्वारा साहिब में आए थे।

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद नांदेड़ में पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उन पर दो बार हमला किया जा चुका है और दोनों बार यह हमला पवित्र धार्मिक जगहों पर किया गया। उन्होंने कहा कि यह हमला पहले गोल्डन टेंपल में हुआ और इस बार हजूर साहिब में।

बादल ने कहा कि जिसके सिर पर गुरु साहब का हाथ है, उस पर कोई आंच नहीं आ सकती।

पंजाब का माहौल नहीं खराब होने देंगे

बादल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब का माहौल खराब करना चाहते हैं लेकिन अकाली दल का अध्यक्ष होने के नाते वह कतई ऐसा नहीं होने देंगे और उनके पिता प्रकाश सिंह बादल ने भी ऐसा ही किया था। बादल ने कहा कि ऐसे लोग जो देश और पंजाब की अमन-शांति के दुश्मन हैं, उन्होंने बहुत कोशिश की लेकिन गुरु गोविंद सिंह महाराज ने उन्हें बचा लिया।

बादल ने कहा, “ना मैं डरता हूं, ना मैं डरा हूं, मैं इतना कहना चाहता हूं कि शिरोमणि अकाली दल पंजाब में भाईचारे की सांझ के लिए वचनबद्ध है।”

पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल कोई भी कुर्बानी दे सकता है लेकिन हमारे लिए पंजाब और देश की तरक्की सबसे पहले है और सांप्रदायिक और धार्मिक सौहार्द्र भी हमारी प्राथमिकता में है।

राजनीतिक दलों ने की निंदा

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री बादल ने कहा कि जितना मर्जी जोर लगा लो, सब कुछ परमात्मा के हाथ में होता है। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, बीजेपी समेत कई अन्य राजनीतिक दलों और नेताओं ने बादल पर हुए हमले की निंदा की है।

यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल पर पहले भी हो चुका है हमला

शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर दो साल के भीतर दूसरी बार हमला हुआ है। यहां क्लिक कर पढ़ें दूसरी खबर।