बिना कोई ट्वीट किए प्रियंका गांधी को मिले डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स, थरूर बोले – न्यू सुपरस्टार
कांग्रेस महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को ट्विटर पर भी अपनी सियासी पारी का आगाज किया। सोशल मीडिया पर एक्टिव होने के कुछ घंटों में ही प्रियंका के फॉलोअर्स की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई।

कांग्रेस महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को ट्विटर पर भी अपनी सियासी पारी का आगाज किया। सोशल मीडिया पर एक्टिव होने के कुछ घंटों में ही प्रियंका के फॉलोअर्स की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई। वहीं, महज 24 घंटे में 1.67 लाख लोगों ने उन्हें फॉलो कर लिया। यह आलम तब है, जबकि प्रियंका गांधी ने एक भी ट्वीट नहीं किया है।
सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने प्रियंका को ट्विटर पर आने की बधाई दी। साथ ही, उन्हें सोशल मीडिया का ‘न्यू सुपरस्टार’ कहा। इस दौरान थरूर ने प्रियंका गांधी की तुलना साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत से कर डाली। उन्होंने लिखा कि अब तक रजनीकांत ही ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर महज 24 घंटे में 2 लाख फॉलोअर्स मिले थे।
प्रियंका सोशल मीडिया सुपरस्टार : थरूर ने आगे लिखा कि सोशल मीडिया पर नए सुपरस्टार का जन्म हो चुका है। प्रियंका ने अब तक कोई ट्वीट नहीं किया है, लेकिन इससे पहले ही उनके फॉलोअर्स की संख्या डेढ़ लाख पार कर चुकी है। प्रियंका के ट्विटर पर आने की जानकारी कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी गई। उनके ट्विटर हैंडल का नाम है @priyankagandhi है। बता दें कि थरूर सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाने वाले पहले कांग्रेसी नेता थे। थरूर को ट्विटर पर 67.5 लाख लोग फॉलो करते हैं। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद ट्विटर पर उन्हें सबसे ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। ट्विटर पर राहुल के 84.7 लाख फॉलोअर्स हैं।
इन 7 अकाउंट को फॉलो कर रही हैं प्रियंका : ट्विटर पर इस समय प्रियंका कुल 7 अकाउंट को फॉलो कर रही हैं। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, अशोक गहलोत, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अहमद पटेल और कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले भारतीय नेता हैं। इस समय मोदी के 4.54 करोड़ फॉलोअर्स है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।