महाराष्ट्र में ताकतवर पवार परिवार के दो सदस्य एक ही वक्त में राज्यसभा के सांसद बनने जा रहे हैं। इनमें एनसीपी के संस्थापक शरद पवार और उनके पोते पार्थ पवार का नाम शामिल है। पार्थ पवार महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे हैं। शरद और पार्थ पवार ने नामांकन दाखिल कर दिया है।

पार्थ के पिता एवं शरद पवार के भतीजे अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। शरद पवार चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और केंद्र में रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री भी रह चुके हैं। वह आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे हैं जबकि पार्थ एनसीपी की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं।

कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र से महा विकास आघाडी (एमवीए) उम्मीदवार के तौर पर शरद पवार के समर्थन की बुधवार को घोषणा की। महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें से एक सीट पर एमवीए को जीत मिल सकती है।

लोकसभा चुनाव हार गए थे पार्थ

पार्थ पवार ने 2019 के लोकसभा चुनाव में मावल निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके थे। पुणे के मुंधवा में एक विवादित भूमि सौदे को लेकर हाल ही में वे सुर्खियों में आए थे।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में, सुप्रिया सुले ने बारामती निर्वाचन क्षेत्र में सुनेत्रा पवार को हराया था। सुनेत्रा बाद में राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुईं हालांकि विमान दुर्घटना में पति अजित पवार की मौत के बाद उन्होंने राज्य की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और एनसीपी अध्यक्ष भी चुनी गईं।

शरद पवार ने 1999 में एनसीपी बनाई थी लेकिन जुलाई 2023 में अजित पवार के बीजेपी और शिवसेना की महायुति सरकार में शामिल होने के बाद पार्टी टूट गई थी।

महाराष्ट्र में क्या है बीजेपी की रणनीति?

महाराष्ट्र में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। इसके पीछे पार्टी की क्या रणनीति है? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।