Chandigarh News: चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों के कारण सुबह भारी जाम लग गया। इसमें हाई कोर्ट के न्यायाधीशों की गाड़ियां फंस गईं। इस पर पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को तलब किया। चंडीगढ़ के डीजीपी सागर प्रीत सिंह हुड्डा ने अदालत को भरोसा दिलाया कि ऐसा दोबारा न हो, इसके लिए कदम उठाए जाएंगे।
हाई कोर्ट जा रहे कुछ न्यायाधीश फंस गए
मंगलवार को हरियाणा विधानसभा सत्र की कार्यवाही से पहले कांग्रेस के विधायकों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने नौकरियों, किसानों समेत अन्य मुद्दों को लेकर पैदल मार्च निकाला। इसका नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। सुबह 9:55 बजे हाई कोर्ट की ओर जाने वाले चौराहे पर भारी जाम लगा इसमें हाई कोर्ट जा रहे कुछ न्यायाधीश भी फंस गए।
न्यायाधीश संदीप मौदगिल ने रिकार्ड में रखे गए एक नोट में कहा कि सुबह 9:55 बजे, कई जज हाई कोर्ट परिसर की ओर जाने वाले गोल चक्कर के पास यातायात जाम में फंस गए, जिससे अदालत की कार्यवाही शुरू होने में 15 से 20 मिनट की देरी हुई।
उन्होंने देखा कि उनके अपने सुरक्षा कर्मियों को जाम खुलवाने में मदद करने के लिए गाड़ी से बाहर निकलना पड़ा, क्योंकि गोल चक्कर पर तैनात पुलिसवाले न्यायाधीशों की गाड़ियों को आसानी से निकाल नहीं पाए। नोट के मुताबिक हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान प्रदर्शनकारी सचिवालय बैरिकेड के मुख्य द्वार तक पहुंचने में कामयाब हो गए थे। यह स्थिति पहली नजर में बड़ी लापरवाही है।
हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इस मामले में चंडीगढ़ के डीजीपी व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के निर्देश दिए। दोपहर बाद हुई सुनवाई के दौरान डीजीपी के साथ एसएसपी (पुलिस) कंवरदीप कौर व एसएसपी (यातायात) सुमेर प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
अदालत को कार्रवाई का भरोसा दिलाया
अदालत में चंडीगढ़ प्रशासन के वकील ने कहा कि यह जाम तब लगा जब 10 से 12 विपक्षी विधायकों ने हाई कोर्ट गोल चक्कर से 150 मीटर दूर से हरियाणा विधानसभा की ओर पैदल चलने का फैसला किया। वकील ने यह भी बताया कि समय-समय पर बम की धमकियों के कारण होने वाली तलाशी और सुरक्षा जांच की वजह से राहगीरों और गाड़ियों को निकलने में ज्यादा समय लगा। चंडीगढ़ प्रशासन के वकील व डीजीपी ने अदालत को भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
