जयपुर के सुशीलपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की वजह से कई लोग बीमार पड़ गए हैं। खबर है कि पीने के पानी में सीवेज का पानी मिल गया है। इलाके के लोगों में एक जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं-उल्टी, डायरिया, मतली, कमजोरी और पेट दर्द।

इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए पूरणमल ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से डायरिया और कमजोरी महसूस कर रहे हैं। उनकी पत्नी बेबी देवी को भी उल्टियां हो रही हैं, यहां तक कि उन्हें इंजेक्शन तक लगवाने पड़ रहे हैं। 55 वर्षीय हरि यादव का भी यही हाल है। पिछले 4-5 दिनों से उन्हें तेज दर्द और डायरिया की शिकायत है। उनके घर में उनकी बहन और भतीजी को भी ऐसे ही लक्षण दिख रहे हैं।

अपनी दुकान पर बैठे बबलू मेहता और उनकी रिश्तेदार भी इस समस्या से परेशान हैं। उन्होंने बताया कि क्लीनिक से दवाइयां लेने के बाद अब थोड़ी राहत मिल रही है।

बीजेपी विधायक से पूछे गए सवाल

रतन यादव का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई होगी, जिससे पानी दूषित हो गया। पिछले हफ्ते यहां के भाजपा विधायक गोपाल शर्मा को लोगों के गुस्से का सामना भी करना पड़ा। कुछ लोगों ने तो गिलास में दूषित पानी भरकर उन्हें दिखाया और पीने के लिए कहा। विधायक ने कई बार क्षेत्र का दौरा कर लोगों को साफ पानी की आपूर्ति का आश्वासन दिया है।

स्थानीय सरकारी डिस्पेंसरी में कार्यरत डॉक्टर अनिल मेहता के मुताबिक, अब तक करीब 150 मरीज इसी तरह के लक्षणों के साथ इलाज के लिए आ चुके हैं। इनमें 25 बच्चे और 38 महिलाएं शामिल हैं, जबकि बाकी पुरुष हैं। मरीजों को ओआरएस और जिंक की गोलियां दी जा रही हैं।

डॉक्टरों ने क्या बताया?

इलाके के ही डॉक्टर संजय शर्मा ने बताया कि उनके क्लीनिक में पिछले 2-3 दिनों में 50-60 मरीज पहुंचे हैं, जिन्हें डायरिया, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत है। पूर्व कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह ने भी इस मुद्दे को उठाया है। उनका कहना है कि एक अच्छी सड़क को अचानक रातों-रात तोड़ दिया गया, जिसकी वजह से पानी की पाइपलाइन प्रभावित हुई और यह समस्या पैदा हो गई।

ये भी पढ़ें- कहीं पीने का पानी नहीं, कहीं बर्बादी