असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के प्रवक्ता सैयद आसिम वकार ने बुधवार को पार्टी का साथ छोड़ दिया और दिल्ली के इंदिरा भवन में कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस का दामन थामते ही आसिम वकार ने ओवैसी पर हमला बोला है। उन्होंने ओवैसी और भाजपा एक ही बता दिया। बताया जा रहा कि पिछले छह महीने से उनके और AIMIM पार्टी नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ गए थे।
इस दौरान कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख इमरान प्रतापगढ़ी उपस्थित थे।
‘असल में लड़ाई कांग्रेस और विपक्ष के खिलाफ’
कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने AIMIM नेतृत्व पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “देश से प्यार करने वाले लोगों का लक्ष्य भाजपा को हटाकर एक सेक्युलर पार्टी की सरकार बनाना है। हालांकि, जब मैं AIMIM के साथ था, तो ऊपरी नेतृत्व से तो ऐसा लगता था कि हम भाजपा से लड़ रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही थी। असल में लड़ाई कांग्रेस और विपक्ष के खिलाफ ही लड़ी जा रही थी।”
‘AIMIM जमीन पर भाजपा से मुकाबला नहीं करती’
कांग्रेसी होने के बाद आसिम वकार ने कहा, “ओवैसी और भाजपा मिले हुए हैं , AIMIM जमीन पर भाजपा से मुकाबला नहीं करती है। और मुझे यह बिल्कुल भी मंजूर नहीं था, इस कारण मैं अब काग्रेस में शामिल हो गया।”
हुमायूं कबीर को लेकर कही ये बात
आसिम वकार ने पश्चिम बंगाल के नेता और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) प्रमुख हुमायूं कबीर का भी जिक्र किया, जिन पर उन्होंने पहले ही भाजपा का एजेंट होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हुमायूं कबीर नाम के एक नेता हैं जिन पर मैंने आरोप लगाया गया था कि कबीर को 1,100 करोड़ रुपये मिले थे। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो हम इस बात की जांच करेंगे कि यह पैसा किसने दिया और कहां गया।
आसिम वकार, AIMIM में लंबे वक्त से सक्रिय थे और उत्तर प्रदेश में पार्टी की मुखर आवाज माने जाते थे। वह काफी समय से AIMIM में राष्ट्रीय प्रवक्ता थे। इससे पहले वे समाजवादी पार्टी में थे। ऐसे में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आसिम वकार का जाना असदुद्दीन ओवैसी को झटका माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: केरल में BJP के प्लान की काट में जुटी कांग्रेस, सीएम सतीशन ने चला ईसाई दलित आरक्षण का दांव
केरल की सियासत में बीजेपी धीरे-धीरे ईसाई वोट बैंक को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है और बीजेपी को बैकफुट पर धकेलने के लिए कांग्रेस ने नया प्लान बनाया है। इस प्लान के तहत ही केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने हाल ही में दलित ईसाइयों की आरक्षण की मांग की जांच करने का वादा किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
