बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर खड़ी सासाराम-पटना पैंसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे में सोमवार को अचानक आग लग गई। हालांकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

सीपीआरओ सरस्वती चंद्रा के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्लेटफॉर्म नंबर छह पर खड़ी सासाराम-पटना पैंसेजर ट्रेन के एक डिब्बे से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके तुरंत बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि करीब आधे घंंटे के भीतर आग बुझा ली गई। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी।

इससे पहले रविवार को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बे आग लगने की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस घटना की वजह से कई घंटों तक मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।

मरम्मत के लिए जा रही एक वैन पलटी, पांच घायल

राजधानी एक्सप्रेस में आग की घटना पर जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन मरम्मत और अन्य उपकरण लेकर घटनास्थल पर जा रही एक वैन बाद में पलट गई, जिससे रेलवे के पांच कर्मचारी घायल हो गए।

इस घटना में ओवरहेड उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के कारण मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर 10 से अधिक ट्रेनों का समय प्रभावित हुआ है। बाद में सात घंटे से अधिक समय के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि आग लगने के कारणों की जांच चल रही है।

अधिकारियों ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन के जिस एसी डिब्बे में आग लगी थी, उसमें 68 यात्री सवार थे और आग लगने के 15 मिनट के भीतर डिब्बे को खाली करा लिया गया।

पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 डिब्बे में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने की यह घटना कोटा मंडल के क्षेत्राधिकारी में विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत ‘ओवरहेड’ तार से बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और आग पर काबू पा लिया गया।

हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित ‘गार्ड वैन’ और एसी डिब्बे को अलग कर दिया गया तथा ट्रेन सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि यात्रियों को राजस्थान के कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बे में बैठाने की व्यवस्था की गई है। (इनपुट – ANI/भाषा)

यह भी पढ़ें: UP को मिली नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी

रेलवे दिल्ली और गोरखपुर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन से उत्तर प्रदेश और नेशनल कैपिटल के बीच रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें