Delhi Zoo: दिल्ली चिड़ियाघर से चंदन के पेड़ चोरी होने का मामला सामने आया है। चिड़ियाघर के अधिकारियों ने कहा कि ग्यारह चंदन के पेड़ गुरुवार को दिल्ली चिड़ियाघर से कथित तौर पर काटे और चोरी किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिल्ली चिड़ियाघर की निदेशक आकांक्षा महाजन ने शुक्रवार को कहा कि अजीमगंज सराय और निदेशक के आवास के पास से ऐसे 11 पेड़ काटे गए हैं।
चिड़ियाघर के अधिकारियों ने क्या कहा
दिल्ली चिड़ियाघर से चंदन के पेड़ चोरी होने के मामले में चिड़ियाघर के अधिकारी ने कहा कि सुबह के समय सुंदर नर्सरी की तरफ से लोगों के प्रवेश करने की संभावना है। बाउंड्रीवाल के ऊपर लगा कंटीला तार कटा हुआ पाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कुल 11 पेड़ काटे गए हैं। जिनमें आठ अजीमगंज क्षेत्र के पास और तीन निदेशक के आवास के पास काटे गए हैं।
दिल्ली चिड़ियाघर की निदेशक आकांक्षा महाजन ने कहा कि कर्मचारियों में से कई को यह नहीं पता था कि यहां चंदन के पेड़ हैं। अगर हमें पता होता तो इसकी घेराबंदी कर दी जाती। माली ने पेड़ों के काटे जाने की जानकारी सबसे पहले दी थी। आकांक्षा महाजन ने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसी को एक चूक के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और घटना के बाद रात्रि गश्त को मजबूत किया गया है। पिछले साल चिड़ियाघर में आवारा कुत्तों द्वारा हिरण पर हमला किए जाने के बाद चिड़ियाघर के अधिकारियों ने कहा था कि दीवार के कुछ हिस्सों को मजबूत किया जा रहा है।
अमेजॉन के जंगलों का तोता भी हुआ था गायब
दिल्ली चिड़ियाघर से चंदन की लकड़ी चोरी होने के बाद चिड़ियाघर के अधिकारी सकते में आ गए हैं। इस तरह चिड़ियाघर से चोरी का यह पहला मामला नहीं है बल्कि पिछले साल सितंबर में अमेजॉन के जंगलों (ब्राजील) का तोता भी गायब हुआ था। यह तोता बेंगलुरु चिड़ियाघर से लाए गए 38 पक्षियों में शामिल था। यह तोता चिड़ियघर के पिंजरे से गायब हो गया था। इस प्रजाति के एक जोड़े तोते की कीमत करीब 15 हजार बताई जाती है।