बिहार सरकार ने नशे की समस्या से निपटने के लिए महीने भर चलने वाले अभियान की शुरुआत की। यह कदम राज्य में नशीले पदार्थों की बढ़ती बरामदगी और नशे से जुड़े मामलों को देखते हुए उठाया गया है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में मंगलवार को ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ की शुरुआत करते हुए कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस अभियान में आम लोगों से भी जुड़ने की अपील की। इस अभियान को निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “शराबबंदी लागू होने के बाद दूसरे नशीले पदार्थ फैलने लगे। लोग दूसरे विकल्प तलाशने लगे। कुछ लोग स्मैक का इस्तेमाल करने लगे, तो कुछ चरस लेने लगे।” उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की पूरी तरह हमारी युवा पीढ़ी पर निर्भर करती है। अगर युवा नशे के आदी हो गए, तो बिहार बर्बादी की ओर बढ़ जाएगा।

सम्राट चौधरी ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रीता वर्मा और कानून-व्यवस्था के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रतन संजय से नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। रतन संजय निषेध विभाग और राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो के प्रमुख भी हैं।

नशे के कारोबार में लगे आपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “नशे के कारोबार में लगे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए आपको पूरी छूट है। इस समस्या को पूरी तरह खत्म कीजिए। हमारे बच्चों का भविष्य बर्बाद करने वाले किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उसके पूरे नेटवर्क को खत्म कीजिए।”

यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत नशे की लत छोड़ने में मदद के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट और हेल्पलाइन शुरू की गई है। लोगों को जागरूक करने के लिए गाड़ियां भी अलग-अलग जिलों में जाएंगी। इनके जरिए नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान और नशे से दूर रहने के फायदे बताए जाएंगे।

तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “तकनीक का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इसका जितना ज्यादा इस्तेमाल होगा, हम बिहार में उतना ही बेहतर बदलाव ला सकेंगे।” उन्होंने शहरों में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। गांवों में नुक्कड़ नाटक और बैठकें करने के साथ पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

सरकार इस अभियान से जीविका समूहों से जुड़ी करीब 1.81 करोड़ महिलाओं, विद्यार्थियों और ब्रह्माकुमारी संस्था को भी जोड़ना चाहती है। सम्राट चौधरी ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था बिहार में पहले ही करीब 15 लाख लोगों को जागरूकता अभियान से जोड़ चुकी है। अब इस मुहिम को और बड़े स्तर पर चलाने की जरूरत है।

सम्राट चौधरी ने कहा, “इस अभियान को और बड़े स्तर पर चलाना होगा। आने वाली पीढ़ी को बचाने और उसे आगे बढ़ने का मौका देने के लिए यह अभियान जरूरी है। जब तक युवा और जीविका से जुड़ी हमारी बहनें इसमें हिस्सा नहीं लेंगी, बिहार नहीं बदल सकता।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत खास तौर पर कार्रवाई करने के लिए आठ जिलों को चुना गया है। इनमें सीमावर्ती जिले भी शामिल हैं। उन्होंने पटना, वैशाली, समस्तीपुर और आरा का भी खास तौर पर जिक्र किया।

यह अभियान द इंडियन एक्सप्रेस की 22 और 23 अक्टूबर को प्रकाशित दो हिस्सों वाली पड़ताल के बाद शुरू हुआ है। इस पड़ताल में बताया गया था कि बिहार में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ रहा है, यह गांवों तक फैल रहा है और नशे की लत छुड़ाने वाले केंद्रों पर दबाव बढ़ रहा है।

2026 के शुरुआती पांच महीनों में ही बिहार में नशीले पदार्थों से जुड़े कानून एनडीपीएस एक्ट के तहत 1,905 मामले दर्ज किए गए। यह संख्या पूरे 2022 में दर्ज मामलों से 83 ज्यादा है।

शराबबंदी के दस साल पूरे होने के करीब

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2016 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार के शराबबंदी के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट दबाव में होने के बावजूद सरकार ने कमाई से ज्यादा लोगों की भलाई को महत्व दिया। उन्होंने शराबबंदी को नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन के सबसे अहम फैसलों में से एक बताया। साथ ही कहा कि अब राज्य को शराबबंदी को और मजबूत करने के साथ दूसरे नशीले पदार्थों की समस्या से भी निपटना होगा।

सम्राट चौधरी ने इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य से भी जोड़ा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य का भी जिक्र किया।

यह भी पढ़ें-पुणे में इंजीनियर के आत्महत्या मामले में बिहार से दो गिरफ्तार, अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप

पुणे में एक्सेंचर कंपनी में काम करने वाले 22 वर्षीय आईटी इंजीनियर शिखर सक्सेना की आत्महत्या के मामले में बिहार से गिरफ्तार दो कथित साइबर अपराधियों की हिरासत 31 अक्टूबर तक बढ़ी। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।