शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और उनकी तुलना मुगल शासक औरंगजेब से की।
पुणे में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान संजय राउत ने कहा, ‘पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री, नरसिम्हा राव, राजीव गांधी, बाबा साहेब आंबेडकर, बालासाहेब ठाकरे जैसे बड़े नेता इस मिट्टी में जन्मे हैं लेकिन जब हम लोग नरेंद्र मोदी का पूरा कैरेक्टर देखते हैं तो डर लगता है कि यह कहां से पैदा हो गए।’
संजय राउत ने कहा कि जिस मिट्टी में औरंगजेब पैदा हुआ, उसी मिट्टी से वे लोग आए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में ही औरंगजेब का जन्म हुआ था।
पहले भी की थी तुलना
संजय राउत इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर इस तरह की तीखी टिप्पणियां करते रहे हैं।
साल 2024 में भी राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना औरंगजेब से की थी। तब एक रैली में राउत ने कहा था कि गुजरात में दाहोद नाम की एक जगह है, जहां नरेंद्र मोदी का जन्म हुआ था, वहीं औरंगजेब का भी जन्म हुआ था। तब बीजेपी ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा था कि उद्धव ठाकरे की पार्टी ऐसे लोगों के साथ खड़ी है जिन्होंने औरंगजेब की तारीफ की है। बीजेपी ने कहा था कि देश की जनता इस तरह के सभी हमलों का जोरदार ढंग से जवाब देगी।
कांग्रेस डूबता जहाज नहीं: राउत
संजय राउत ने यह भी कहा कि कांग्रेस कोई डूबता हुआ जहाज नहीं है और अतीत में कांग्रेस छोड़कर अलग दल बनाने वाले नेताओं को फिर से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करना चाहिए। राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से इस दिशा में पहल करने की अपील करते हुए कहा कि बीजेपी का मुकाबला करने के लिए सभी को एक साथ आना होगा। इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताया था।
यह भी पढ़ें- ‘बीजेपी वालों को चोरी की आदत है’
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
