Samastipur Crime News: बिहार के समस्तीपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की शाम कथित तौर पर चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपी बच्ची का पड़ोसी शंकर सदा बताया गया है।
बच्ची को खेत में छोड़कर भागा
कथित तौर पर आरोपी उसे पहले बहला-फुसलाकर अपने साथ खेत में ले गया और वहां दुष्कर्म का असफल प्रयास किया। इस दौरान उसने बच्ची के शरीर पर दांतों से काटकर कई जगहों पर जख्म कर दिया। बच्ची की स्थिति बिगड़ता देख आरोपी उसे खेत में ही छोड़कर फरार हो गया।
इधर, पीड़िता की मां ने जब बच्ची की खोजबीन शुरू की तो किसी ने बताया कि वह शंकर के साथ खेत की तरफ जाती दिखी थी। बाद में उसे उस दिशा में ढूंढा गया तो बच्ची एक गेहूं के खेत में मिली। उसकी गंभीर स्थिति को देख उसे तत्काल शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
जानकारी अनुसार उसका चिकित्सकों द्वारा इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है। इधर, अस्पताल पहुंचकर सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह पीड़िता के मां का बयान दर्ज कर रहे हैं।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने कहा कि बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की स्थिति स्टेबल है। उसका इलाज किया जा रहा है। महिला पुलिस पदाधिकारी बयान लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुसंगत कार्रवाई की जाएगी।
