उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। वाराणसी में अखिलेश यादव पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनसे कहा गया कि वाराणसी की ही किसी सीट से लड़ लीजिए। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने पुराने रिकॉर्ड का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री तभी बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं, इसलिए शुभ काम करेंगे

अखिलेश यादव ने कहा कि हमें शुभ और खराब समय का ज्ञान है। अखिलेश यादव के बयान के बाद लगभग साफ हो गया है कि वह विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। अखिलेश ने कहा कि इससे पहले भी जब हम लोकसभा सांसद थे, तब सीधे शपथ ली थी। उनका कहना था मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उसी तरह इस बार भी लोकसभा से सीधे शपथ लेंगे।

2012 में सीएम बने थे अखिलेश

बता दे की 2012 में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की सत्ता में आई थी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बने थे। उस समय अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से सांसद थे। हालांकि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कन्नौज लोकसभा सीट से इस्तीफा दिया और उसके बाद विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दी।

पीएम मोदी पर अखिलेश ने साधा निशाना

अखिलेश यादव में वाराणसी में अपने पीडीए फार्मूले का एक बार फिर से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीडीए के फुल फॉर्म में पिछड़ा, दलित, शोषित, अल्पसंख्यक और पीड़ित में जो दुखी हैं, वह सभी आते हैं। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनको मां गंगा ने बुलाया था, उन्होंने मां गंगा को भुला दिया। यह डबल हार का संदेश है। अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी से देश के प्रधानमंत्री आते हैं और इतने दिन से दिल्ली-लखनऊ में सरकार है, लेकिन जाम से नहीं बच पा रहे हैं।

योगी को दिया था अयोध्या से लड़ने का चैलेंज

इससे पहले अखिलेश यादव ने खुद सीएम योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए चैलेंज दिया था। वहीं बाद में योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव का अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज स्वीकार कर लिया था। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव को अयोध्या से नामांकन करने के लिए कहा था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा था, “अखिलेश यादव मुझसे कहते हैं अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखा दें। अयोध्या हमारा पावन धाम है। मैं इसलिए जाता हूं कि अयोध्या के विकास में कोई कोताही ही ना रहे। जिस अयोध्या को आप तीन से चार घंटे बिजली देते थे, जिस अयोध्या को गंदगी का अंबार बना दिया गया था, आज वह अयोध्या रामराज्य का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करवा रही है। मैं आपको कहता हूं लड़ाई चेलों से क्यों करनी, लड़ाई आमने-सामने की होनी चाहिए। माफियाओं के सामने नाक रगड़ने वाले, उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले हमसे क्या लड़ेंगे? उनकी हिम्मत नहीं है। जनता पहले ही इनकी छुट्टी कर चुकी है। यह खिसियानी बिल्ली के तरीके हैं।”

यह भी पढ़ें- ‘जब जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखेंगे…’, अखिलेश यादव ने दिया अमित शाह को जवाब

अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग ‘अंगद का पैर’ कहने की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जब जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें खुशी है कि काशी की जनता ने डबल इंजन की सरकार को ‘डबल जीरो’ दिया है। पढ़ें पूरी खबर