समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि इटावा में बन रहे केदारेश्वर शिव मंदिर का काम पूरा होने के बाद वह अयोध्या में स्थित राम मंदिर के दर्शन करने के लिए जाएंगे। अखिलेश प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से की गई टिप्पणी का जवाब दे रहे थे। टिप्पणी में योगी ने अखिलेश यादव के अयोध्या नहीं जाने का जिक्र किया था।

अखिलेश यादव ने कहा, ”इटावा में केदारेश्वर धाम शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद मैं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या जाऊंगा। लेकिन सवाल मेरे दर्शन का नहीं है।”

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी की आलोचना करते हुए कहा, ”वह (मुख्यमंत्री) बार-बार दावा करते रहे कि वह कई बार अयोध्या गए हैं, फिर भी उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां क्या हो रहा है। इससे ‘चिराग तले अंधेरा’ वाली कहावत सच साबित होती है।”

भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर हमला

यादव ने दावा किया, ”अगर वहां ऐसा हो सकता है, तो तहसीलों, पुलिस थानों और दूसरी जगहों पर भ्रष्टाचार का स्तर क्या होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।”

अखिलेश ने यह भी दावा किया कि पिछले एक दशक में केवल प्रयागराज में हुए विकास कार्यों का ऑडिट कराया जाए तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आएंगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बीजेपी धर्म का इस्तेमाल एक आड़ के रूप में कर रही है। उन्होंने रोजगार, भर्ती, आरक्षण और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।

भाजपा को न चंदा मिलेगा, न चढ़ावा और न वोट- यादव

यादव ने कहा, “आस्था के साथ इतनी बड़ी धोखाधड़ी की कल्पना कौन कर सकता था? सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि कितनी बार कैमरे बंद किए गए थे। अब और क्या कहने की जरूरत है?”

सपा प्रमुख ने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। यादव ने कहा, ”भाजपा को न चंदा मिलेगा, न चढ़ावा और न वोट। 2027 में पीडीए (पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक) गठबंधन के साथ समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।”

यह भी पढ़ें- ‘ओबीसी आरक्षण सिर्फ यादवों और मुस्लिमों ने खाया’

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि ओबीसी आरक्षण को समाजवादी पार्टी की वजह से सिर्फ यादवों और मुसलमानों ने खाया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।