वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया और उन्होंने कई जगहों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 63, सेक्टर 62, सेक्टर 15, फेस-दो औद्योगिक क्षेत्र, सूरजपुर, नॉलेज पार्क क्षेत्र, दादरी क्षेत्र और ईकोटेक- प्रथम के औद्योगिक क्षेत्र में सुबह से ही मजदूरों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि कई जगह पर श्रमिकों ने जाम लगाया और विभिन्न स्थानों पर उनकी पुलिस के साथ नोंक झोंक भी हुई। एक अधिकारी ने बताया कि कई जगहों पर श्रमिकों ने उग्र होकर पुलिस पर पथराव किया और कुछ कारों में आग लगाए जाने तथा कारखानों में तोड़फोड़ की भी खबर है जिसके बाद पुलिस को उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि श्रमिकों ने एक पुलिस वाहन पर भी हमला किया। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर भारी बल के साथ तैनात हैं, वहीं श्रमिक भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि पुलिस हर स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की कुछ बातें यहां के उद्योगपतियों ने मान ली है और उनसे शांतिपूर्वक आंदोलन समाप्त करने की अपील की जा रही है।
Noida Employee Protest Live: विरोध प्रदर्शन में नहीं चली कोई गोली - नोएडा पुलिस
नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन पर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सोशल मीडिया पर फैली फायरिंग की खबर पूरी तरह फर्जी मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कहीं भी फायरिंग नहीं हुई है। हालात को शांतिपूर्वक नियंत्रित किया गया है। न्यूनतम बल प्रयोग से स्थिति काबू में लाई गई है। 14 मौत और 32 घायल की खबर पूरी तरह से झूठी निकली है। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जी रही है। दो ट्विटर हैंडल पर FIR की गई है। नोएडा CP लक्ष्मी सिंह ने शांति और भरोसे का संदेश दिया है।
Noida Employee Protest Live: अखिलेश यादव ने बोला योगी सरकार पर हमला
नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने योगी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आप मजदूरों के ज़ख़्मों पर मलहम नहीं लगा सकते तो न लगाएं लेकिन उन ज़ख़्मों पर नमक तो न छिड़कें।
Noida Employee Protest Live: सीएम योगी ने याद दिलाया श्रमिकों का सहयोग
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक श्रमिकों से अपील की है कि वे कोविड-19 महामारी के दौरान 'डबल इंजन' सरकार द्वारा दिए गए सहयोग को याद रखें और अशांति फैलाने वालों से सावधान रहें। मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी नोएडा के कई औद्योगिक क्षेत्रों में सोमवार को हुए श्रमिकों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच आई है। आदित्यनाथ मुजफ्फरनगर में 951 करोड़ रुपये से अधिक की 423 परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, मैं औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत सभी कर्मियों और श्रमिकों से अपील करता हूं कि वे याद करें, कोविड-19 के दौरान सरकार किस तरह उनके साथ खड़ी रही। उस समय हमने उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए परिवहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।''
Noida Employee Protest Live: नोएडा पुलिस ने अफवाह फैलाने के मामले में की कार्रवाई
नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बीच इस मामले को लेकर अफवाहें फैलाने के आरोप में दो 'सोशल मीडिया हैंडल' के खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही शुरू की गयी है। पुलिस के बयान में कहा गया,''गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों और लोगों को भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अफवाह फैलाने के आरोप में 'एक्स' के दो हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। पुलिस ने कहा कि नोएडा में कथित रूप से बाहरी तत्वों द्वारा भड़काये जाने पर कई स्थानों पर प्रदर्शन और एक जगह पर हिंसा हुई, जिसे न्यूनतम बल का उपयोग करके काबू में कर लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस घटना के दौरान कोई गोलीबारी नहीं की गई है और जनता से आग्रह किया कि वे गलत जानकारी न फैलाएं। पुलिस का यह बयान नोएडा में कई स्थानों पर वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों द्वारा शुरू किये गये हिंसक आंदोलन के बीच आया है। पुलिस ने जनता से एक बार फिर अपील की कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी साझा करने से बचें और शांति बनाए रखे।
Noida Employee Protest Live: प्रदर्शनकारियों ने पलटा पुलिस वाहन
वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर नोएडा में प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। गाड़ियों में तोड़फोड़ और फथराव किया गया। साथ उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन को भी पलट दिया।
नोएडा में प्रदर्शन: सपा ने भाजपा सरकार को ज़िम्मेदार ठहराया
सपा और कांग्रेस ने सोमवार को नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए भाजपा सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उसकी आलोचना की है। सपा के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए सरकार की 'एकतरफा नीति' को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों का पक्ष लेती है जबकि वेतनभोगी कर्मचारियों और मज़दूरों की उपेक्षा करती है।
सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी - राजीव कृष्ण
उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नोएडा में हुए विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के संबंध में कहा कि उकसाने वाले बाहरी तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Noida Protest LIVE: 'हमें 20,000 रुपये वेतन दिया जाए' - प्रदर्शनकारी महिला
प्रदर्शनकारियों में से एक लक्ष्मी ने कहा, “मैं मदरसन में काम करती हूं। हमें बहुत कम वेतन दिया जा रहा है, जबकि हमें ज्यादा चाहिए। जब हमने धरना प्रदर्शन किया, तो बिना किसी गलती के हमें पीटा गया। गैस सिलेंडर, सब्जियां और बाकी सभी चीजें महंगी हो गई हैं।
आज जब हमने विरोध किया, तो हमें मारा गया। मेरे पैरों में चोट लगी है। मैं मांग करती हूं कि हमें 20,000 रुपये वेतन दिया जाए, तभी हम अपना गुजारा कर सकते हैं, वरना हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।”
Noida Protest LIVE: प्रदर्शन उकसानों वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई - यूपी डीजीपी
उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नोएडा में हुए विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के संबंध में कहा कि उकसाने वाले बाहरी तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोएडा की कई कंपनियों का काम ठप
नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन की वजह से कई कंपनियों में काम बंद हो गया है।
Noida Protest LIVE: वाहनों की सघन तलाशी जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिंसा फैलने से रोकने के लिए नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाले विभिन्न हिस्सों में सभी सड़कों पर कई टीम तैनात की गई हैं। इसमें खासकर उत्तर प्रदेश के साथ प्रमुख सीमावर्ती बिंदुओं पर भी टीम तैनात है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है और वाहनों की गहन जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी असामाजिक तत्व विरोध प्रदर्शन की आड़ में राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश न कर सके। (भाषा)
Noida Protest LIVE: नोएडा फेज 2 में हिंसक प्रदर्शन, मौजूदा हालात
उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज 2 स्थित कंपनी के आसपास के ताजा दृश्य, जहां वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान वाहनों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया और पथराव भी हुआ। यहां भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
Noida Protest Live: चिल्ला बॉर्डर बंद, डीएनडी फ्लाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम
नोएडा फेज-2 में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद दिल्ली से नोएडा को जोड़ने वाला चिल्ला बॉर्डर बंद कर दिया गया है, जिसके चलते डीएनडी फ्लाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है। यातायात डायवर्जन के कारण वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, नोएडा फेज-2 में एक कंपनी के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जो बाद में हिंसक हो गया। इस दौरान वाहनों और संपत्तियों में तोड़फोड़ की गई और पथराव भी हुआ।
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने एक एक्स पोस्ट में बताया कि कनावनी पुस्ता NH-9 पर यातायात सामान्य हो गया है। यातायात पुलिस मौके पर मौजूद है। इससे पहले पुलिस ने बताया था कि सेक्टर 62 नोएडा NH 9 पर दिल्ली जाने वाली साइड रोड पर इंडस्ट्रियल कर्मचारियों के द्वारा प्रदर्शन कर जाम किया गया है यातायात का दबाव उत्पन्न हो गया है पुलिस मौके पर मौजूद है। ABES तथा विजयनगर बाईपास से आवश्यक डायवर्जन किया जा रहा है। कृपया वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
Noida Traffic Alert: सेक्टर-62 में प्रदर्शन, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एक्स पोस्ट कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण सेक्टर–62 फॉर्टिस हॉस्पिटल मार्ग पर धरना प्रदर्शन के कारण यातायात पुलिस द्वारा सेक्टर–59 मेट्रो के नीचे यातायात डायवर्जन कर संचालन कराया जा रहा है।
Noida Ghaziabad Jam News LIVE: दिल्ली से नोएडा जाने के लिए इन रास्तों का करें प्रयोग
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का ट्वीट- निजी फैक्टरियों के मजदूरों के चल रहे आंदोलन की वजह से नोएडा में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली) से आने वाली नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की तरफ ट्रैफक की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है।
आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी हिसाब से बनाएं और नोएडा जाने के लिए DND का इस्तेमाल करें। जो लोग नोएडा जाना चाहते हैं, वे सराय काले खां से DND का इस्तेमाल कर सकते हैं, या फिर NH 24 - कोंडली ब्रिज का इस्तेमाल करके नोएडा मोड़ से नोएडा में प्रवेश कर सकते हैं।
छिजारसी तिराहा पर यातायात का सुचारू संचालन
नोएडा पुलिस ने एक्स पोस्ट में बताया कि समय 11:40 छिजारसी तिराहा पर डायवर्जन समाप्त कर यातायात का सुचारू संचालन किया जा रहा है। यातायात पुलिस कर्मी मौजूद है। पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9971009001 भी जारी किया है।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहने वाली आकांक्षा खरे ने बताया कि उन्हें अपने कॉलेज पहुंचने के लिए चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। वह आम दिनों में पंद्रह से 20 मिनट में घर से कॉलेज पहुंच जाती हैं लेकिन आज उन्हें यह रास्ता तय करने में एक घंटा लग गया। डेढ़ किलोमीटर के लिए ऑटो वाले ने 80 रुपये चार्ज किए।
Noida Ghaziabad Jam News LIVE: NH-24 पर पैदल जा रहे लोग
इस समय बड़ी संख्या में लोग जाम की वजह से NH-24 पर पैदल ही नोएडा की तरफ जा रहे हैं। अपनी वाहनों में सवार लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों में पुलिस के प्रति नाराजगी
प्रदर्शन में शामिल एक श्रमिक ने कहा, “सरकार ने हमारा वेतन 20,000 रुपये बढ़ाने का वादा किया था। सरकार इसे बढ़ा क्यों नहीं रही? पुलिसकर्मी लड़कियों को लाठियों से क्यों पीट रहे हैं? लाठीचार्ज की क्या जरूरत है?”
Noida Ghaziabad Jam News LIVE: लालकुआं से नोएडा तक भीषण जाम
बिजनौर से नोएडा आ रहे सलमान ने बताया कि जाम की शुरुआत लाल कुआं से हो गई है। वह भीषण जाम में फंसे हुए हैं।
Noida Ghaziabad Protest LIVE: आधे घंटे का रास्ता तय करने में लगे तीन घंटे
हर रोज नौकरी के लिए गाजियाबाद के प्रताप विहार से नोएडा सेक्टर 10 स्थित एक कंपनी जाने वाले धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि वे सुबह सवा आठ बजे घर से निकले थे और जाम की वजह से साढ़े ग्यारह बजे अपने दफ्तर पहुंच पाए। आम दिनों में वे आधे घंटे से 45 मेिनट में अपने दफ्तर पहुंच जाते थे।
नोएडा: भारी ट्रैफिक जाम, आवाजाही लगभग ठप
सोमवार सुबह दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भारी ट्रैफिक जाम के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिक संघ के प्रदर्शन के कारण वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई, जिससे लोग लंबे समय तक जाम में फंसे रहे।
