Delhi CM Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कहा कि निगम में आम आदमी पार्टी (Aam Admi Party) की सरकार बनने के बाद आरडब्लूए अपने क्षेत्र के पार्षद होंगे और जनता निगम चलाएगी। उन्होंने सभी आरडब्लूए के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। केजरीवाल ने कहा कि आरडब्लूए के पास छिड़काव, पेड़ों की छंटाई समेत अन्य स्थानीय चीजों पर आरडब्लूए को आर्थिक और निर्णय लेने की शक्ति होगी।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली को 3500 मोहल्ला सभा में बांटने कोशिश की थी, लेकिन भाजपा (BJP) की निगम का सहयोग नामुमकिन था, इसलिए यह ठंडे बस्ते में चला गया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक (Mohalla Clinic) बनाया, सरकारी स्कूल और अस्पताल अच्छे कर दिए, आज इसकी पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। इसी प्रकार निगम को बेहतर बनाया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘मेरा सपना है कि दिल्ली सरकार कम से कम काम करे, निगम उससे थोड़ा ज्यादा काम करे और आरडब्लूए सबसे ज्यादा काम करे।’ उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहली बार यह पहल शुरू की जाएगी। सम्मेलन के दौरान आरडब्लूए के प्रतिनिधियों ने भी आने वाले दिनों में निगम के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
‘एमसीडी चुनाव में आप की जीत होगी’
नई दिल्ली, (भाषा): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरुवार को कहा कि यदि आम आदमी पार्टी (आप) नगर निकाय चुनाव जीतती हैं तो कचरा स्थलों (लैंडफिल) को साफ करना, बाजारों का पुनर्विकास, अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना एवं समय से वेतन का भुगतान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सिसोदिया ने दावा किया कि आप पार्टी चार दिसंबर को होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में भारी जीत हासिल करेगी।
‘भाजपा व आप ने दिल्लीवालों को धोखा दिया’
नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने पटपड़गंज, मंडावली और विनोद नगर वार्ड में गुरूवार को रोड शो कर लोगों से जनसंपर्क किया। चौधरी ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ने पिछले 15 वर्षों और 8 वर्षों में दिल्ली के लोगों से झूठे और अधूरे वादे करके लोगों को धोखा दिया है। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्लीवालों की हर समस्या का समाधान करेगी।
‘झूठे वादों के लिए जाने जाते हैं केजरीवाल’
नई दिल्ली : केंद्रीय सूचना एंव प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि पहले अरविंद केजरीवाल को यू-टर्न के लिए जाना जाता था, अब उन्हें झूठे वादे करने, उनको ना निभाने और फिर उससे भी ज्यादा ललचाने वाले वादे करने के लिए जाना जाता है। ठाकुर दिल्ली नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि कट्टर भ्रष्टाचार आज अरविंद केजरीवाल की पहचान है और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देकर उन्होंने दिल्ली को लूटने का काम किया है। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि मनीष सिसोदिया चौदह फोन इस्तेमाल कर रहे थे ताकि शराब घोटाले में कहीं फंस ना जाएं। ठाकुर ने कहा कि ‘आप’ चुनाव जीतने के लिए केवल लालच ही नहीं दे रही, बल्कि टिकटें भी बेच रहे हैं, स्टिंग आपरेशन सबने देखा है।
‘आप’ के मंत्री हैं सलाखों के पीछे : जयराम
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से हुआ। लेकिन आज दिल्ली सरकार में आठ साल में ‘आप’ के मंत्री जेल की सलाखों के पीछे हैं, क्योंकि उन पर भ्रष्टाचार का आरोप है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ की सरकार पंजाब में बनी और वहां सरेआम सड़कों पर कत्ल होने लगे। वहां पहले ही महीने एक मंत्री को भ्रष्टाचार के चलते हटाना पड़ा। ठाकुर ने गुरुवार को शास्त्रीनगर, शालीमार बाग और रोहिणी में जनसभाओं का संबोधित किया।