बिहार के शिक्षक रोशन आनंद को पटना स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट में तोड़फोड़ के मामले में जमानत मिल गई है। रोशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ दर्ज FIR पूर्वनियोजित और राजनीतिक रूप से प्रेरित थी। 2 जून की रात हुए विवाद के अगले दिन उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था जिसके बाद जमानत मिलने पर वह सोमवार दोपहर में जेल से बाहर निकले। बाहर आने के बाद उन्होंने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए।
रोशन आनंद ने कहा कि फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने मिलकर मेरे भाई की हत्या कराई है। उन्होंने कहा कि जेल जाते ही साजिश के तहत उसकी जान ली गई है। रोशन ने कहा, “फैजल खान बहुत झूठ बोलता है, उसका नार्को टेस्ट होना चाहिए। पहले कह रहा था कि गोली हमने चलवाई। वीडियो सामने आने पर पता चला कि गोली उसने चलवाई। हमें सरकार और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। हमारे साथ न्याय होगा।”
‘खान सर’ कोचिंग सेंटर में तोड़-फोड़ के मामले में ज़मानत पर रिहा होने के बाद, ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “कमरे के मालिक के बेटे ने करोड़ों रुपये का जिम खोला है। यह पैसा कहां से आता है? वह कैश में लेन-देन करता है। जेल में एक गार्ड के जरिए मेरी हत्या की कोशिश की गई थी।”
फैजल खान को राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है- रोशन आनंद
रोशन आनंद ने आगे कहा, “फैजल खान झूठा है, कुछ खास गार्डों से जबरदस्ती बयान लिए गए। ऐसे गार्ड जो उसके लिए नहीं बल्कि कोचिंग सेंटर के लिए काम करते थे। सरकार से मेरी दो मांगें हैं। मेरे भाई की हत्या की CBI जांच और दोबारा पोस्टमार्टम। उसे कोई बीमारी नहीं थी, मेरा भाई स्वस्थ था। फ़ैजल खान ने कमरे के मालिक के साथ मिलकर साज़िश रची; उसने कई टीचरों का करियर बर्बाद कर दिया और मेरा करियर भी खत्म करने की साज़िश रची। उसने एक साज़िश के तहत मुझे जेल भिजवाया और फ़ैजल खान ने ही मेरे भाई की हत्या की साज़िश रची थी।”
टीचर ने आगे कहा, “कौन सा नेता फ़ैजल खान को बचा रहा है? फ़ैजल खान ने मुझे जेल भिजवाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए। मैं नाम तो नहीं बता सकता लेकिन उसे राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। मुझे नहीं पता कि वह सत्ता पक्ष में है या विपक्ष में लेकिन उसे राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ है। पटना पुलिस ने मुझे बहुत परेशान किया।”
यह भी पढ़ें: नेपाल में रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध हालात में मौत
ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई है। प्रिंस यादव का नाम हाल ही में पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज में हुए बवाल और हमले के मामले में सामने आया था तथा वह इस केस में आरोपित भी था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
