पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सम्राट चौधरी के बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने पर तंज कसा है। रोहिणी आचार्य ने कहा है कि बीजेपी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एक घुमंतू ही मिला।
रोहिणी ने मंगलवार को अपने X हैंडल पर कहा, ‘अपनी स्थापना के 46 वर्ष बीत जाने के बाद भी बिहार में बीजेपी के पास लीडरशिप का ऐसा टोटा व सूखा है कि बीजेपी न तो कभी अपने दम पर सरकार बना सकी, ना ही कभी किसी विधानसभा चुनाव में अपना कोई मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित – प्रस्तुत कर सकी और ना ही व्यापक जनस्वीकार्यता व पहचान वाला एक नेता तैयार कर सकी।’
रोहिणी ने कहा है कि बिहार में बीजेपी की राजनीतिक कंगाली का आलम तो कुछ ऐसा है कि अब जब सालों की मशक्कत के बाद बीजेपी नीतीश कुमार को साजिश – प्रपंच के सहारे मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने में कामयाब हुई, तब भी बीजेपी किसी ऐसे को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है , जो मूलतः न तो नागपुरिया नर्सरी से है और ना ही बिहार बीजेपी की बंजर बगिया से।
खानाबदोशों के भरोसे है बीजेपी का खेमा
रोहिणी ने कहा, “घाट-घाट घूम कर आए एक घूमंतु को मुख्यमंत्री बनाने की मजबूरी से ही साफ है कि अंदर से बीजेपी का खेमा बिहार में पूरी तरह से खोखला – खाली और खानाबदोशों के भरोसे है… बीजेपी की मजबूरी का आलम तो कुछ ऐसा है कि उसे एक ऐसे शख्स को मुख्यमंत्री चुनना पड़ा, जिसके पिता ने तो मोदी जी को ही जिन्दा जमीन में गाड़ देने की बात की थी और जिसने खुद नीतीश कुमार जी को राजनीतिक तौर पर मिटटी में मिला देने की बात सार्वजनिक मंच से कही थी, कहीं ऐसा तो नहीं कि इसी धमकी – गीदह भभकी से डर गए बीजेपी, नीतीश कुमार जी के साथ – साथ एनडीए वाले..!!”
रोहिणी ने एक शायरी के जरिये भी अपनी बात कही है। उन्होंने लिखा, “झूठी शेखी बघारने वाले चाचा जी की ऊँची उड़ान के अरमान आँसूओं में बह गए, चाचा जी के पर उनके ही अपने कहे जाने वाले सियासी बहेलिए क़तर गए।”
अंत में रोहिणी ने जोरदार हमला बोला और कहा कि बिना प्रतिज्ञा पूरी किए मुरेठा खोलने, फर्जी डिग्री, फर्जी जन्म – प्रमाणपत्र वाला मुख्यमंत्री मुबारक हो बीजेपी वालों।
सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही स्पष्ट हो गया है कि वह मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे। तारापुर से विधायक चौधरी ने नेता चुने जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
कमांडर के आदेश पर सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव किया- विजय सिन्हा
सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव सीनियर नेता विजय कुमार सिन्हा ने रखा। मीडिया से बातचीत में विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्होंने भाजपा का सिपाही होने के नाते अपने कमांडर के आदेश के अनुसार सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
