पहली मुलाकात में ही RLSP चीफ उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी ने कार्यकर्ताओं को हड़काया, पति ने की नीतीश से मुलाकात
JDU और RLSP के सूत्रों ने बताया कि कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता सिन्हा भी सक्रिय राजनीति में आ सकती हैं और उनके पति को एमएलसी बनाए जाने की खबरें हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम आने के एक महीने से भी कम वक्त के भीतर RLSP चीफ उपेंद्र कुशवाहा और जेडीयू चीफ नीतीश कुमार के एक बार फिर करीब आने की खबरें सुर्खियों में छाने लगी हैं। दोनों नेताओं ने हाल के दिनों में मुलाकात भी की। इस मुलाकात के बाद चर्चा है कि RLSP जल्द ही सीएम नीतीश की जेडीयू के साथ गठबंधन कर सकती है।
JDU और RLSP के सूत्रों ने बताया कि कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता सिन्हा भी सक्रिय राजनीति में आ सकती हैं और उनके पति को एमएलसी बनाए जाने की खबरें हैं। स्नेहलता ने हाल दिनों में पहली बार पार्टी की समीक्षा बैठक में नजर आईं। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को हड़काते हुए साफ संदेश दिया कि वो पार्टी के साथ रहे या अपनी अलग पसंद के लिए स्वतंत्र हैं।
इधर कुशवाहा को एमएलसी बनाए जाने पर जेडीयू सूत्रों ने कहा कि RLSP प्रमुख ने केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। वो लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदन के सदस्य रहे हैं। ऐसे में वो एमएलसी बनने में सहज महसूस नहीं करेंगे।
जेडीयू सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच एक बार फिर बातचीत के दरवाजे खुलने के बाद कुशवाहा ने हाल में सदन में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की नीतीश पर टिप्पणी की आलोचना की थी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि बिहार के सीएम नीतीश ने कुशवाहा को ‘घर वापसी’ के लिए न्योता दिया है।
उल्लेखनीय है कि आरएलएसपी प्रमुख ने पार्टी की दो दिवसीय समीक्षा बैठक के दौरान नीतीश कुमार संग बढ़ती निकटता के संकेत दिए। ये बैठक तीन दिसंबर को पटना में हुई थी। बैठक में उन्होंने कहा कि मतदान पूर्व लोग ना तो नीतीश और ना ही तेजस्वी को पसंद करते थे। मगर बाद में लोगों ने दोनों में से नीतीश को चुना।